Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

MP News:जबलपुर में CM यादव का बड़ा ऐलान, बेटियों को मुफ्त रहेगी HPV वैक्सीन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जबलपुर में CM यादव का बड़ा ऐलान, बेटियों को मुफ्त रहेगी HPV वैक्सीन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं और बेटियों के लिए एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव के लिए मध्यप्रदेश में बड़े स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री सोमवार को जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक एवं सूचना केंद्र में आयोजित महिलाओं के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और HPV टीकाकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

    14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को निशुल्क टीका

    मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष से अधिक उम्र की बेटियों को लगभग 4 हजार रुपये मूल्य का एचपीवी टीका मुफ्त लगाया जा रहा है। यह टीका भविष्य में गर्भाशय और ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है और गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम करता है। उन्होंने सभी बहनों और बेटियों से अपील की कि वे सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए इस टीकाकरण अभियान का लाभ अवश्य लें। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने टीका लगवा चुकी बालिकाओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।

    जबलपुर को 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले में 37 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इसमें 10.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक जनपद भवन का भूमि-पूजन और 27.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गीता भवन सहित अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

    इन परियोजनाओं में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 21 स्वास्थ्य एवं उप स्वास्थ्य केंद्र और सोलर ट्रैफिक सिस्टम भी शामिल हैं।

    महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों में दी जा रही है। इसके साथ ही रोजगारपरक उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का भी निर्णय लिया गया है।

    महिलाओं को राजनीति में भी बढ़ावा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वहीं लोकसभा और विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा।

    ये भी पढ़ें: Cg news: छत्तीसगढ़ विधानसभा में अफीम की खेती और धान खरीदी पर जोरदार हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट

    प्रतिभावान बालिकाओं का किया सम्मान

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एचपीवी टीकाकरण पूरा कर चुकी बालिकाओं जिया सेन और अंशी विश्वकर्मा को प्रतीकात्मक प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही नेत्रहीन कन्या विद्यालय की बालिकाओं से मुलाकात कर उनका सम्मान भी किया। इस अवसर पर लखपति दीदी आरती चौधरी और सीता गोंड को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    Sumit  Shrivastava
    By Sumit Shrivastava

    सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

    Latest Posts