Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आईटी कंपनी में शर्मनाक करतूत  : सफाईकर्मी ने 700 रुपये में स्पाई कैमरा खरीदकर वॉशरूम में लगाया,   

Follow on Google News
आईटी कंपनी में शर्मनाक करतूत  : सफाईकर्मी ने 700 रुपये में स्पाई कैमरा खरीदकर वॉशरूम में लगाया,   
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

     इंदौर में एक आईटी कंपनी के भीतर ऐसी घिनौनी हरकत सामने आई है, जिसने सुरक्षा और निजता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कंपनी में काम करने वाले सफाईकर्मी ने वॉशरूम में गुप्त कैमरा लगाकर कर्मचारियों के निजी पलों को रिकॉर्ड कर लिया। यह सनसनीखेज मामला सामने आते ही पूरे ऑफिस में हड़कंप मच गया।

    गिरा कैमरा, खुल गई करतूत

    घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्रेविटी टावर (जंजीरावाला चौराहा) की है। आईटी कंपनी में कार्यरत शैलेंद्र बोरसे की शिकायत के बाद मामले का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम वानखेड़े, जो कंपनी में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था, ने सफाई के बहाने वॉशरूम में खुफिया कैमरा फिट कर दिया था। शनिवार को अचानक आरोपी की जेब से एक संदिग्ध डिवाइस नीचे गिर गया। कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया। जब डिवाइस की जांच की गई, तो मामला गंभीर नजर आया।

    मोबाइल में मिले कई आपत्तिजनक वीडियो

    कंपनी प्रबंधन ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू की। आरोपी का मोबाइल खंगाला गया तो उसमें कई लोगों के रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिले। यह देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए और गुस्सा फूट पड़ा।

    700 रुपये में खरीदा था जासूसी कैमरा

    पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि उसने एक मोबाइल एप के जरिए करीब 700 रुपये में यह खुफिया कैमरा खरीदा था। वह दो दिन पहले ही कैमरा लगाकर रिकॉर्डिंग कर रहा था और कुछ समय बाद उसे निकाल भी लेता था, ताकि किसी को शक न हो।

    महिला-पुरुष दोनों इस्तेमाल करते थे वॉशरूम

    जिस वॉशरूम में यह कैमरा लगाया गया था, उसका उपयोग कंपनी के महिला और पुरुष दोनों कर्मचारी करते थे। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

    पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

    रविवार को कंपनी प्रबंधन ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। तुकोगंज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसका मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। टीआई जितेंद्र सिंह यादव के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इन वीडियो का कहीं और इस्तेमाल तो नहीं किया। इस सनसनीखेज घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों में डर और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

     

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts