इजराइली हमले में ईरानी रक्षामंत्री और कमांडर की मौत :तेहरान सहित कई शहरों में घातक हमले

इजराइल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई प्रमुख शहरों पर एक के बाद एक कई घातक हवाई हमले किए। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि इन हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नासिरजादेह और ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई है। हालांकि ईरान की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इजरायली हमले से 57 छात्राओं की जिंदगियां खत्म
इससे पहले ईरानी समाचार एजेंसियों ने बताया था कि दक्षिणी ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 57 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 अन्य घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी बीच इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के 10 शहरों पर हवाई हमले किए। बताया जा रहा है कि इन हमलों में कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।
ट्रंप- अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा के लिए की गई कार्रवाई
हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि ईरान पर की गई यह कार्रवाई अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने इसे आवश्यक और आत्मरक्षा से जुड़ा कदम बताया। हालांकि आगे युद्ध घातक रूप लेता जा रहा है।
जवाबी हमले में ईरान ने दागी 400 मिसाइलें
इजराइली हमलों के जवाब में ईरान ने व्यापक पलटवार करते हुए इजराइल की ओर करीब 400 मिसाइलें दागीं। बताया जा रहा है कि इन हमलों का लक्ष्य इजराइल के कई अहम सैन्य और रणनीतिक ठिकाने थे। इसके साथ ही ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को भी निशाना बनाया।
कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमले की खबर सामने आई है।




















