IPL क्रिकेटर शशांक सिंह का बड़ा बयान!'कुक को न बनाया बंधक, न की मारपीट... परिवार को बदनाम करने की साजिश'

भोपाल में कुक से कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज होने के बाद पहली बार IPL क्रिकेटर शशांक सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने और अपने परिवार पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। शशांक का कहना है कि न तो युवक के साथ मारपीट की गई, न उसे बंधक बनाया गया और न ही उसका मोबाइल छीना गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उनके परिवार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
यह मामला भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र का है। FIR दर्ज होने के बाद शशांक सिंह ने मीडिया से बात करते हुए पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई दी और कई अहम बातें सामने रखीं।
'कुक बनकर आया, लेकिन खाना बनाना ही नहीं आता'
शशांक सिंह ने बताया कि जिस युवक को उनके घर कुक के रूप में रखा गया था, वह सिर्फ दो दिन के लिए आया था। परिवार को उम्मीद थी कि वह खाना बनाएगा और घर के काम में मदद करेगा, लेकिन शशांक के मुताबिक, युवक को खाना बनाना ठीक से आता ही नहीं था। वह अपना काम करने की बजाय घर के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहा था। इसी दौरान वह मोबाइल से घर के अंदर की तस्वीरें और वीडियो भी बना रहा था।
शशांक ने कहा कि किसी भी परिवार को अगर कोई नया व्यक्ति घर के हर कमरे की फोटो और वीडियो बनाते हुए दिखे तो स्वाभाविक रूप से शक होगा। उनके परिवार के साथ भी यही हुआ।
'किसी को दो दिन के लिए बुलाकर बंधक क्यों बनाएंगे?'
युवक ने आरोप लगाया है कि उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। इन आरोपों पर शशांक सिंह ने साफ कहा कि यह पूरी तरह झूठ है।
उन्होंने कहा कि युवक सिर्फ दो दिन के लिए घर आया था। ऐसे में परिवार उसे आखिर बंधक क्यों बनाएगा? अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो वह बाहर कैसे जाता और बाद में पुलिस तक कैसे पहुंचता? शशांक का कहना है कि यह आरोप बिना किसी आधार के लगाए गए हैं और सच्चाई जांच के बाद सामने आ जाएगी।
यह भी पढ़ें: NEET से लेकर कैंसर अस्पताल तक... भोपाल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कई मुद्दों पर रखी राय
'मोबाइल नहीं छीना, सिर्फ निजी फोटो और वीडियो हटवाए'
मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक का मोबाइल छीन लिया गया था। इस आरोप पर भी शशांक सिंह ने अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि युवक का मोबाइल किसी ने नहीं छीना। उसके फोन में घर के अंदर की कई निजी तस्वीरें और वीडियो मौजूद थे। परिवार को लगा कि बिना अनुमति घर की रिकॉर्डिंग करना ठीक नहीं है। शशांक ने कहा कि अगर मोबाइल वास्तव में उनके परिवार ने छीन लिया होता तो युवक उसी फोन से किसी को कॉल कैसे करता?
उन्होंने बताया कि उनके पिता ने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें युवक अपने मोबाइल से किसी को फोन मिलाने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना है कि यह वीडियो साबित करता है कि मोबाइल युवक के पास ही था।
'घर की प्राइवेसी बचाने के लिए फोटो हटवाई'
शशांक सिंह ने कहा कि हर परिवार की कुछ निजी चीजें होती हैं, जिन्हें कोई अनजान व्यक्ति बिना अनुमति रिकॉर्ड नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि युवक घर के अलग-अलग कमरों में जाकर वीडियो बना रहा था। इसमें परिवार की निजी चीजें और कीमती सामान भी दिखाई दे रहे थे। इसी वजह से परिवार ने उससे वे तस्वीरें और वीडियो हटवाने को कहा। उनका कहना है कि इसका मकसद सिर्फ घर की प्राइवेसी की सुरक्षा करना था।
'युवक की हरकतों से परिवार को हुआ चोरी का शक'
शशांक सिंह ने बताया कि युवक की गतिविधियां शुरू से ही सामान्य नहीं लग रही थीं। वह बार-बार घर के अलग-अलग हिस्सों में जा रहा था और मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहा था। इससे परिवार को शक हुआ कि उसकी नीयत ठीक नहीं है। शशांक के मुताबिक, परिवार को यह भी लगा कि युवक घर की जानकारी किसी और तक पहुंचा सकता है।
यह भी पढ़ें: भोपाल में हाई-प्रोफाइल विवाद! IPL स्टार शशांक सिंह पर FIR, रिटायर्ड IPS पिता समेत 3 लोगों पर गंभीर आरोप
'चांदी के गणपति की प्रतिमा भी नहीं मिल रही'
शशांक सिंह ने दावा किया कि अभी तक घर में किसी बड़ी चोरी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन परिवार को घर में रखी चांदी के गणपति की एक छोटी प्रतिमा नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरा परिवार घर का सामान दोबारा जांच रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई और सामान भी गायब तो नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि प्रतिमा चोरी हुई है। इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
'लगता है चोरी के इरादे से आया था'
शशांक सिंह ने कहा कि युवक की हरकतों को देखकर परिवार को ऐसा लगा कि वह चोरी के इरादे से घर आया हो सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ परिवार का शक है। उन्होंने कहा कि अंतिम सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी और वही तय करेगी कि पूरे मामले में क्या हुआ था।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में भोपाल के रातीबड़ थाने में FIR दर्ज है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एक तरफ युवक ने शशांक सिंह और उनके परिवार पर मारपीट, बंधक बनाने और मोबाइल छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी तरफ शशांक सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे परिवार को बदनाम करने की कोशिश बताया है।











