बीएससी छात्र ने कॉलेज बिल्डिंग से कूदकर दी जान, सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 'न अच्छा बेटा बन सका, न अच्छा इंसान'

बीएससी छात्र ने कॉलेज बिल्डिंग से कूदकर दी जान, सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- 'न अच्छा बेटा बन सका, न अच्छा इंसान'
इंदौर। शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज में एक दुखद घटना सामने आई। बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र मयूर राजपूत ने कॉलेज की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मयूर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखी, जिसमें उसने खुद को न अच्छा बेटा और न अच्छा इंसान बता कर यह कदम उठाने की बात कही।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

कॉलेज में शनिवार को एक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें मयूर भी कुछ समय तक मौजूद रहा। इसके बाद वह कॉलेज की तीसरी मंजिल पर चला गया और वहां से छलांग लगा दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मयूर को अकेले छत पर जाते हुए देखा गया। उसकी उम्र 19 से 20 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ खुलासा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मयूर लंबे समय से मानसिक तनाव में था। उसकी सोशल मीडिया पोस्ट से संकेत मिले हैं कि वह खुद को असफल मान रहा था। आत्महत्या के पीछे के सही कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले में एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच करेगी।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts