इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकट पर ठगी का खेल! 10 फर्जी वेबसाइटें पकड़ीं, कोलकाता से साइबर ठग सक्रिय

इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। टिकट बेचने के नाम पर लोगों को फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए झांसा दिया जा रहा है।इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऐसी 10 वेबसाइटों को चिन्हित किया है, जिनके जरिए टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक इन वेबसाइटों का कनेक्शन कोलकाता से सामने आया है। मामले में क्राइम ब्रांच ने मेटा कंपनी को भी शिकायत भेजकर संबंधित कंटेंट और अकाउंट पर कार्रवाई का अनुरोध किया है।
दो घंटे से कम समय में बिक गए थे टिकट
होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) द्वारा की गई थी। बिक्री शुरू होने के दो घंटे से भी कम समय में टिकट बिक गए थे। वहीं स्टूडेंट कंसेशन और दिव्यांग श्रेणी के टिकट भी दो मिनट से कम समय में खत्म हो गए थे।टिकट बिक्री पूरी होने के बाद सोशल मीडिया और इंटरनेट पर अलग-अलग वेबसाइटों के जरिए टिकट उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं। एमपीसीए पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उसकी ओर से ऑनलाइन टिकट बिक्री पूरी हो चुकी है।
संबंधित खबर: IND vs WI T20I : वेस्टइंडीज से घरेलू मैदान पर टी-20 सीरीज नहीं हारी टीम इंडिया, ये हो सकती है भारत की प्लेइंग-XI
दो तरह से ठगी का प्रयास
क्राइम ब्रांच के अनुसार क्रिकेट प्रशंसकों के साथ दो तरह से ठगी के प्रयास सामने आ रहे हैं। पहला, फर्जी वेबसाइटों के जरिए ऑनलाइन टिकट बेचने का झांसा देकर रकम लेने की कोशिश की जा रही है। दूसरा, लोगों को खरीदे हुए टिकट या पास उपलब्ध कराने के नाम पर ठगा जा रहा है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले किसी भी अनजान लिंक या वेबसाइट से टिकट खरीदने की कोशिश न करें। टिकट के नाम पर भेजे गए लिंक पर भुगतान करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचें।
मेटा को भेजी शिकायत
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि टिकट के नाम पर ठगी के प्रयास की शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। जांच के दौरान 10 वेबसाइटों को चिन्हित किया गया है। पुलिस ने इन वेबसाइटों के संबंध में मेटा कंपनी को भी शिकायत भेजी है।एमपीसीए के सचिव सुधीर असनानी ने भी कहा कि संगठन की ओर से टिकटों की ऑनलाइन बिक्री पूरी हो चुकी है। उन्होंने क्रिकेट प्रशंसकों से अपील की कि वे दूसरे माध्यमों से टिकट खरीदने के लालच में आकर साइबर ठगी का शिकार न बनें।
टिकट की कालाबाजारी भी अपराध
पुलिस के मुताबिक टिकटों की कालाबाजारी करने या ठगी के लिए टिकट बेचने का प्रयास करना दोनों ही कार्रवाई योग्य अपराध हैं। ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।
शिकायत के लिए क्राइम ब्रांच हेल्पलाइन नंबर: 7049124445
लोग इस नंबर पर टिकट के नाम पर ठगी करने वाले लोगों, संदिग्ध वेबसाइट या सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं।



















