Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर:पालतू कुत्तों को खुले में शौच करवाना पड़ेगा महंगा, नगर निगम लगाएगा जुर्माना

स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के बीच इंदौर नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान दे रहा है। अब पालतू कुत्तों को शौच करवाने और गंदगी फैलाने वालों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पालतू कुत्तों को खुले में शौच करवाना पड़ेगा महंगा, नगर निगम लगाएगा जुर्माना
AI Generated Image

इंदौर में अब पालतू कुत्तों को सार्वजनिक जगहों पर शौच करवाना लोगों को भारी पड़ सकता है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुले में कुत्तों को शौच करवाने और गंदगी फैलाने वालों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर निगम अलर्ट

स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के बीच इंदौर नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान दे रहा है। इस बार भी इंदौर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शीर्ष स्थान बनाए रखना है। इसी को देखते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में कुत्तों के शौच से फैलने वाली गंदगी पर सख्ती दिखाई है।

महापौर ने किया कई जोनों का निरीक्षण

महापौर ने सुबह जोन क्रमांक 14, 15 और 16 का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरपुर तालाब आने-जाने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिले और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी बिल्कुल न हो। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे सार्वजनिक जगहों की सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।

खुले में शौच करवाने पर लगेगा स्पॉट फाइन

महापौर ने साफ कहा है कि कई लोग मॉर्निंग वॉक के दौरान अपने पालतू कुत्तों को फुटपाथ और सड़कों पर शौच करवाते हैं जिससे गंदगी फैलती है। इसे देखते हुए सभी जोनों के सीएसआई अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को खुले में शौच करवाने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाए। नगर निगम अब ऐसे लोगों पर स्पॉट फाइन भी लगा सकता है।

ये भी पढ़ें: Ken-Betwa Link Project : केन-बेतवा प्रोजेक्ट स्थल पर ग्रामीणों का पुलिस पर फिर हमला

स्वच्छ शहर बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुत्तों के शौच के बाद कई मालिक सफाई नहीं करते जिससे फुटपाथ और सड़कें गंदी होती हैं और शहर की छवि खराब होती है।

ये भी पढ़ें: MP High Court : तीसरी पेशी पर फिर हाजिर रहें संजय पाठक, क्रिमिनल कंटेम्प्ट पर हाईकोर्ट के निर्देश

लोगों ने उठाया अलग स्थान तय करने का मुद्दा

इधर कुछ कुत्तों के मालिकों ने नगर निगम की कार्रवाई को सही बताया लेकिन साथ ही मांग की कि पालतू कुत्तों के शौच के लिए अलग स्थान भी तय किए जाने चाहिए। लोगों का कहना है कि सिर्फ पालतू कुत्ते ही नहीं बल्कि स्ट्रीट डॉग्स की वजह से भी शहर में गंदगी फैलती है। ऐसे में नगर निगम को इस दिशा में भी ठोस व्यवस्था करनी चाहिए।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts