PlayBreaking News

इंदौर में रनवे से लौटी इंडिगो की फ्लाइट : सुधार के बाद हुई रवाना, भुवनेश्वर जा रहे विमान में सवार थे 80 से ज्यादा यात्री

Follow on Google News
इंदौर में रनवे से लौटी इंडिगो की फ्लाइट : सुधार के बाद हुई रवाना, भुवनेश्वर जा रहे विमान में सवार थे 80 से ज्यादा यात्री

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो) रनवे से टेकऑफ से ठीक पहले लौट आई। विमान में तकनीकी खराबी सामने आई, जिस कारण पायलट ने उड़ान रोकने का फैसला किया। फ्लाइट में 80 से अधिक यात्री सवार थे।

यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा

फ्लाइट लगभग ढाई घंटे तक रनवे पर ही खड़ी रही। इस दौरान यात्री विमान के अंदर ही बैठे रहे। किसी को नीचे नहीं उतारा गया। एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि विमान में माइनर टेक्निकल फॉल्ट था, जिसे सुधारने के बाद फ्लाइट दोबारा रवाना कर दी गई।

निर्धारित समय से पहले पहुंची थी फ्लाइट

यह वही फ्लाइट है जो रोज़ाना सुबह 6.15 बजे भुवनेश्वर से उड़ान भरकर इंदौर लगभग 8.15 बजे पहुंचती है। सोमवार को यह निर्धारित समय से पहले सुबह 7.39 बजे इंदौर लैंड कर गई थी। इसी फ्लाइट को सुबह 9 बजे इंदौर से वापसी उड़ान भरनी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण यह संभव नहीं हो सका।

एअर इंडिया की दो फ्लाइट भी रद्द

रविवार रात इंदौर एयरपोर्ट पर एक और समस्या सामने आई जब एअर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI804 रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट रात 10:25 बजे इंदौर से रवाना होनी थी। फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

इसके अलावा दिल्ली से इंदौर आने वाली AI803 फ्लाइट भी रविवार को रद्द रही। यह फ्लाइट शाम 6:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर रात 8:15 बजे इंदौर पहुंचती है। इन दोनों फ्लाइट्स के रद्द होने की वजह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

जबलपुर फ्लाइट के रद्द होने से यात्रियों में गुस्सा

शनिवार को भी यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी, जब इंदौर से जबलपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को अंतिम समय पर बिना सूचना के रद्द कर दिया गया। सुबह 6 बजे यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच चुके थे। पहले उन्हें बताया गया कि फ्लाइट 30 मिनट की देरी से उड़ेगी।

बोर्डिंग के लिए यात्रियों को सवा सात बजे विमान की ओर बस से ले जाया गया, लेकिन उन्हें डेढ़ घंटे तक बस में ही बैठा कर रखा गया। अंत में फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिली, जिससे नाराज यात्रियों ने एयरलाइन के खिलाफ हंगामा किया।

एयरलाइन ने मांगी माफी

यात्रियों के विरोध के बाद एयरलाइन ने किराया लौटाने और दूसरी फ्लाइट में री-बुकिंग का विकल्प देने की बात कही। फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो प्रबंधन स्थिति को सामान्य बनाने में जुटा है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts