नवरात्र महोत्सव: मेला, कराओके नाइट, महाआरती और छप्पन भोग में उमड़ा श्रद्धा व उत्साह का सैलाब

भोपाल। सागर प्रीमियम टावर फेज-1 (SPT) में दुर्गा उत्सव हर्षोल्लास, भक्ति और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। उत्सव के अंतर्गत दुर्गा पंडाल में भव्य मेले एवं कराओके नाइट का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सोसायटी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही मेले का विशेष आकर्षण सोसायटी के निवासियों द्वारा स्वयं लगाए गए विभिन्न स्टॉल रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से निवासियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह का परिचय दिया। वहीं, SPT के प्रतिभाशाली गायकों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया और शाम को यादगार बना दिया।उत्सव के दौरान बच्चों और बुजुर्गों के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया। इस पहल ने कार्यक्रम में सभी पीढ़ियों की सहभागिता और उत्साह को बढ़ाया।
महाआरती और छप्पन भोग का भव्य आयोजन

दुर्गा उत्सव के अंतर्गत रविवार को मां दुर्गा की महाआरती एवं छप्पन भोग का विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सोसायटी के निवासी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से महाआरती में भाग लिया। धुनुची नृत्य में भी निवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस सफल आयोजन में SPT के निवासियों की सक्रिय भागीदारी, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्गा उत्सव ने सोसायटी में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।
'पीपुल्स समाचार' के प्रति आभार जताया
SPT दुर्गा उत्सव समिति ने पीपुल्स समाचार समूह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने समय-समय पर SPT के विभिन्न कार्यक्रमों को अपने समचार पत्र और डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘पीपुल्स अपडेट’ के माध्यम से प्रसारित कर सोसायटी की गतिविधियों को व्यापक पहचान दिलाई। समिति ने सभी सहयोगियों, प्रतिभागियों, कलाकारों एवं समस्त निवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही दुर्गा उत्सव इतना भव्य एवं यादगार बन पाया है।























