लेडी ड्रग तस्कर को रहवासियों ने घेरा:हंगामे के बीच ड्रग्स फेंककर फरार

अनूप नगर में रहवासियों ने कथित लेडी ड्रग तस्कर को घेर लिया। हंगामे के दौरान महिला ड्रग्स का पैकेट फेंककर फरार हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर भी मिलीभगत के आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है।
हंगामे के बीच ड्रग्स फेंककर फरार
प्रतीकात्मक चित्र

इंदौर- इंदौर के अनूप नगर क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय रहवासियों ने कथित रूप से ड्रग्स सप्लाई करने वाली एक महिला तस्कर को घेर लिया। हंगामा बढ़ता देख महिला मौके पर ड्रग्स का पैकेट फेंककर अपनी साथी युवती के साथ फरार हो गई। मामले में अब पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। रहवासियों ने पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।घटना रविवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रहने वाली मिष्ठी नामक महिला लंबे समय से घर से ही मादक पदार्थों की सप्लाई कर रही है। देर रात तक उसके घर पर युवक-युवतियों की आवाजाही रहती थी, जिससे रहवासी परेशान थे।

रहवासियों ने किया घेराव, मचा हंगामा

लगातार बढ़ रही गतिविधियों से नाराज रहवासियों ने रविवार रात एकजुट होकर महिला को घेर लिया। विवाद बढ़ने पर लोगों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, महिला ने कथित तौर पर ड्रग्स से भरा पैकेट पास के खंडहरनुमा मकान में फेंक दिया और काजल नामक युवती के साथ मौके से भाग निकली।

“पुलिस ने पैकेट उठाया, लेकिन जब्ती नहीं दिखाई”

रहवासियों का आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने ड्रग्स का पैकेट उठाया जरूर, लेकिन उसकी कोई आधिकारिक जब्ती नहीं दिखाई गई। इसी को लेकर एमआईजी थाने की खुफिया सेल पर मिलीभगत के आरोप लगने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से ड्रग्स का कारोबार चल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती रही है।

ड्रग नेटवर्क में कई पैडलरों के नाम आने का दावा

रहवासियों ने आरोप लगाया कि महिला कथित रूप से शाहबाज उर्फ मुर्गा नामक व्यक्ति के साथ मिलकर ड्रग्स सप्लाई करती है। इलाके में सक्रिय कई अन्य पैडलरों के नाम भी लोगों ने पुलिस को बताए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी नाम की पुष्टि नहीं की है। मामले में जांच की बात कही जा रही है।

पहले भी हो चुकी गिरफ्तारी

स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला को पहले भी क्राइम ब्रांच गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से ड्रग्स का कारोबार शुरू कर दिया।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts