Mahakal Darshan : अब इंदौर एयरपोर्ट पर मिल जाएगी महाकाल मंदिर दर्शन की टिकट

काउंटर पर मिलेंगे भस्म आरती के पास और महाकाल लोक की पूरी जानकारी 
अब इंदौर एयरपोर्ट पर मिल जाएगी महाकाल मंदिर दर्शन की टिकट
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नवीन यादव, इंदौर।उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। अब इंदौर देवी अहिल्याबाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी महाकाल मंदिर प्रशासन समिति का स्थायी काउंटर लगाया जाएगा। इस काउंटर पर श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन टिकट, भस्म आरती पास, महाकाल लोक भ्रमण, निवास व्यवस्था और परिवहन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार पिछले दिनों हुई एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में इस बारे निर्णय हुआ है। दरअसल इंदौर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु उतरते हैं, जो सीधे उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए जाते हैं। इन यात्रियों को अब मंदिर में पहुंचने से पहले ही ऑन स्पॉट टिकट और सूचना सेवाएं मिल सकेंगी।

    श्रद्धालुओं की परेशानी कम होगी

    इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि भीड़भाड़ में टिकट या पास के लिए लगने वाली परेशानियां भी कम होंगी। अधिकारियों के अनुसार, यह काउंटर आगामी दिनों में शुरू किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट प्रशासन, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के बीच समन्वय किया जा रहा है। काउंटर पर प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन, परिवहन की जानकारी और अन्य सहायता प्रदान करेंगे।

    महाकाल लोक का आकर्षण

    कुछ साल पहले महाकाल लोक के भव्य रूपांतरण के बाद से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। प्रतिदिन हजारों यात्री इंदौर के रास्ते उज्जैन पहुंचते हैं। एयरपोर्ट पर यह नई सुविधा उनकी महाकाल दर्शन यात्रा को सुलभ बनाएगा। अभी इंदौर से उज्जैन जाने वाले रास्ते को सिक्स लेन में बदलने का काम चालू है।

    हर सप्ताह रहे सेलिब्रिटी

    महाकाल मंदिर में रोजाना तड़के होने वाली भस्मारती के लिए आमजन के अलावा सेलिब्रिटी में भी क्रेज है। फिल्म अभिनेताओं के साथ साथ क्रिकेट खिलाड़ी भी लगातार यहां पर आ रहे हैं। इसके अलावा देश के बड़े उद्योगपति भी इस आरती में शामिल होने आते हैं। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए यह काउंटर काफी लाभदायक होगा। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts