अमेरिका की फ्लाइट में भारतीय युवक ने सहयात्री का दबाया गला, मारपीट के आरोप में मियामी एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी

अमेरिका की फ्लाइट में भारतीय युवक ने सहयात्री का दबाया गला, मारपीट के आरोप में मियामी एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी

वॉशिंगटन। अमेरिका में एक भारतीय मूल के युवक ईशान शर्मा पर फ्लाइट के दौरान सहयात्री के साथ मारपीट और गला दबाने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना 30 जून को फ्रंटियर एयरलाइंस की एक उड़ान में हुई, जो फिलाडेल्फिया से मियामी जा रही थी। घटना के दौरान विमान में अफरातफरी मच गई। झगड़े का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री एक-दूसरे से लड़ते और अन्य यात्रियों को उन्हें रोकते हुए देखा जा सकता है।

ईशान शर्मा और केनू इवांस के बीच हुई झड़प

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विवाद भारतीय मूल के 21 वर्षीय युवक ईशान शर्मा और एक अमेरिकी यात्री केनू इवांस के बीच हुआ। इवांस ने बताया कि ईशान उसकी आगे वाली सीट पर बैठा था और बार-बार अजीब हरकतें कर रहा था, जैसे हँसना, बड़बड़ाना और असामान्य व्यवहार करना, जिससे वह परेशान हो गया। इवांस ने केबिन क्रू से मदद मांगी, जिसके बाद ईशान ने उस पर हमला कर दिया और उसका गला दबाने की कोशिश की।

वायरल वीडियो में दिखी फ्लाइट के अंदर की अफरा-तफरी

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों यात्रियों के बीच तीखी झड़प हो रही है। कई यात्री उन्हें अलग करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं फ्लाइट के केबिन क्रू उन्हें सीट पर बैठने के लिए आग्रह कर रहे हैं। झगड़े के दौरान दोनों को मामूली चोटें भी आईं। एयरपोर्ट पर विमान के उतरते ही पुलिस ने ईशान शर्मा को हिरासत में ले लिया।

कोर्ट में पेशी, मेडिटेशन का दावा

1 जुलाई को ईशान को मियामी कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसके वकील ने दावा किया कि ईशान सिर्फ फ्लाइट में मेडिटेशन कर रहा था, जिसे पीछे बैठे इवांस ने गलत समझ लिया। हालांकि कोर्ट ने ईशान पर 500 डॉलर (करीब 42 हजार रुपए) का जुर्माना लगाया। इसके अलावा, कोर्ट ने स्टे-अवे ऑर्डर जारी करते हुए ईशान को इवांस से संपर्क करने, उसके स्कूल या घर के पास जाने से रोक दिया है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts