मैदान पर भारत का जलवा! 72 रन से जीता फाइनल, नकवी के हाथ से नहीं ली एशिया कप की ट्रॉफी, फिर छिड़ा विवाद

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने 72 रन से शानदार जीत दर्ज की। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर आउट हो गई। भारत की जीत के बाद सभी की नजरें ट्रॉफी प्रेजेंटेशन पर थीं। हालांकि, यहां मुकाबले से अलग एक और मामला चर्चा में आ गया। ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी मंच पर मौजूद थे, लेकिन भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए बाहर नहीं आई।
श्रीलंका को मिला सम्मान
फाइनल खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन शुरू होने में करीब 40 मिनट की देरी हुई। पहले मैच अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू और टीम के खिलाड़ियों को रनर-अप मेडल दिए गए। नकवी ने श्रीलंकाई कप्तान को उपविजेता टीम का चेक भी सौंपा। इसके बाद सबको उम्मीद थी कि भारतीय टीम ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
IND vs AFG 1st T20: दिल्ली में आज दोनों टीमों की टक्कर, 2 सुपर ओवर वाले मैच की यादें हुई ताजा
टीम ड्रेसिंग रूम में ही रही
भारतीय खिलाड़ियों के मंच पर नहीं आने के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया टीम के साथ नजर आए। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत भी की। पहले से ही ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि भारतीय टीम नकवी के हाथों ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी। आखिरकार टीम ड्रेसिंग रूम से बाहर नहीं आई और प्रेजेंटेशन सेरेमनी भारतीय टीम को ट्रॉफी दिए बिना ही समाप्त कर दी गई।
पिछले साल का मामला फिर चर्चा में
इस पूरे घटनाक्रम ने 2025 के पुरुष एशिया कप फाइनल की याद दिला दी। तब भारतीय टीम ने भी नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। उस समय प्रेजेंटेशन को लेकर काफी देर तक स्थिति साफ नहीं हुई थी और नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए थे। इस बार हालांकि ऐसा नहीं हुआ। नकवी श्रीलंकाई टीम को सम्मानित करने के बाद ट्रॉफी लिए बिना ही मैदान से निकल गए।
भारत ने बल्ले और गेंद से किया कमाल
फाइनल में भारत की जीत की नींव शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने रखी। दोनों ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। शेफाली ने 69 और स्मृति ने 59 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजों ने श्रीलंका को 111 रन पर समेट दिया। दीप्ति शर्मा ने चार विकेट लिए, जबकि श्री चरणी को तीन सफलता मिली।
भारत-अफगानिस्तान पहले टी20 की टाइमिंग बदली, जानें कब शुरू होगा मुकाबला
आठवीं बार भारत के नाम एशिया कप
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। टीम ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। मैदान पर खिलाड़ियों ने खिताबी जीत का जश्न मनाया, लेकिन ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर सामने आया घटनाक्रम मैच खत्म होने के बाद चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया।




















