Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Weather Update :13 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में 27 मई तक झुलसाएगी लू

आईएमडी ने 27 मई तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और लू का बड़ा अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, यूपी और राजस्थान में हीटवेव का खतरा बना रहेगा, जबकि बिहार, बंगाल और दक्षिण भारत में तूफान और बारिश परेशान कर सकती है।
13 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में 27 मई तक झुलसाएगी लू
देशभर के मौसम में जबरदस्त उथल-पुथल

देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ कई राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और तूफान का खतरा मंडरा रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने 21 मई से 27 मई तक के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में 13 से ज्यादा राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले खतरनाक अंधड़ की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने कहा है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिसकी वजह से मौसम में अचानक बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। वहीं राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में इसका असर और बढ़ने की संभावना है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में तेज तूफान का खतरा

आईएमडी के मुताबिक बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम काफी खराब रह सकता है। बिहार में 21 और 23 मई को तेज अंधड़ और बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं झारखंड में 23 और 24 मई को 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में भी मौसम खतरनाक बना हुआ है। गंगा तटीय इलाकों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

दक्षिण भारत में मानसून से पहले भारी बारिश

दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून की दस्तक से पहले ही जोरदार बारिश शुरू हो गई है। केरल में 21 मई को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 24 से 27 मई के बीच फिर तेज बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में भी लगातार बारिश होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 21 से 25 मई तक तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले झोंकों का भी अलर्ट जारी किया है। आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में भी 22 से 25 मई के बीच तेज अंधड़ और बारिश का असर देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें: पुलवाला हमले का मास्टरमाइंड बुरहान हमजा मारा गया, पाकिस्तान में गोली मारकर हत्या

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ दिन बेहद भारी बारिश वाले रह सकते हैं। आईएमडी ने 23 से 25 मई के बीच इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश का अनुमान है। त्रिपुरा में 21 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका भी जताई है।

दिल्ली, यूपी और राजस्थान में लू का कहर जारी

जहां देश का एक हिस्सा बारिश और तूफान से परेशान रहेगा, वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाके भीषण गर्मी से झुलसते रहेंगे। आईएमडी ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 21 से 27 मई तक गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी लगातार लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 25 से 27 मई के बीच भीषण लू का असर और बढ़ सकता है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 25 मई तक तेज गर्मी और लू का दौर जारी रहने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड में भी 22 और 23 मई को आंधी और बारिश हो सकती है। पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Breaking News

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

आईएमडी ने समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 21 से 26 मई तक कई समुद्री इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार की हवाएं चल सकती हैं। लक्षद्वीप, अंडमान सागर और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के आसपास समुद्र काफी उफान पर रह सकता है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts