IND vs PAK Final :भारत को जीत का 'तिलक'... पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया, 9वीं बार बना एशिया का चैम्पियन

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 150 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने 9वीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है।
तिलक वर्मा बने हीरो
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत तो संभलकर की, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरते रहे। तिलक वर्मा ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। तिलक अंत तक क्रीज पर डटे रहे और टीम को जीत तक पहुंचाया।
रिंकू सिंह का विजयी चौका
जब भारत को जीत के लिए कुछ रन चाहिए थे, तब रिंकू सिंह ने चौका जड़कर मैच समाप्त किया। रिंकू के चौका लगाते ही भारतीय ड्रेसिंग रूम और स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे। मुख्य कोच गौतम गंभीर भी उत्साह में अपनी खुशी छुपा नहीं सके।
भारतीय गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी
- टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम के गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
- कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को ध्वस्त कर दिया।
- जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए।
- पाकिस्तान की ओर से सिर्फ साहिबजादा फरहान ही टिककर खेले और 57 रन की पारी खेली।
मैच का स्कोर
- PAK 146 (19.1)
- IND 150/5 (19.4)
भारतीय टीम की पारी
- 19वें ओवर की आखिरी बॉल पर भारत ने 5वां विकेट गंवाया। शिवम दुबे 33 रन बनाकर आउट हुए।
- तिलक वर्मा ने 41 गेंद पर टी20 अंतरराष्ट्कीय करियर का चौथा अर्धशतक लगाया
- 13वें ओवर में संजू सैमसन 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अबरार अहमद ने साहिबजादा फरहान के हाथों कैच कराया। अबरार ने फिफ्टी पार्टनरशिप ब्रेक की।
- पावरप्ले में शुभमन गिल 12, सूर्यकुमार यादव 1 और अभिषेक शर्मा 5 रन बनाकर आउट हुए। चौथे ओवर में फहीम ने गिल को और दूसरे ओवर में अभिषेक को हारिस रऊफ के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार यादव शाहीन अफरीदी ने आउट किया।
पाकिस्तान 146 पर ऑलआउट
एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत के सामने 147 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 57 रन (38 गेंद) बनाए। फरहान ने फखर जमां (46 रन) के साथ पारी की शुरुआत की और पावरप्ले में टीम को 45 रन की मजबूत शुरुआत दिलाई। फरहान ने सिर्फ 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। 10वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने फरहान को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोना शुरू कर दिया। शीर्ष तीन बल्लेबाजों के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा। कुलदीप यादव ने अपनी जादुई गेंदबाजी से पाकिस्तान की निचली पारी को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने सिर्फ एक ओवर में तीन विकेट झटके। कुल मिलाकर 4 विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान : साहिबजादा फरहान, फखर जमान, साइम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, शाहीन शाह अफरीदी, फहीम अशरफ और हारिस रउफ।
BCCI ने PAK कप्तान की जगह गिल की फोटो लगाई
इस टूर्नामेंट में पाक को दो बार धूल चटाई
एशिया कप में अबतक भारत का अजेय सफर रहा है। लगातार 6 मैच जीतकर टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बनाई है। वहीं भारत और पाकिस्तान तीसरी बार आमने-सामने हैं। पहले दोनों मैच भारत ने जीते हैं।
ये भी पढ़ें: भारत-पाक के लिए एशिया कप 2025 बना विवादों का कप, नो हैंडशेक से लेकर नो-फोटोशूट ड्रामा, क्या होगा आज का विवाद
ये भी पढ़ें: IND vs PAK Final : भारत-पाकिस्तान मुकाबले में किसका पलड़ा भारी? दबदबा और ऐतिहासिक जीत, जानें कौन कब बना चैंपियन












