मन की बात :130 वें एपिसोड में मोदी ने वोटर्स- डे की शुभकामनाएं दी, देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम पर भी बोले PM

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड में देशवासियों को वोटर्स दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता होता है। आगे PM ने लोगों से अपील की कि जो युवा पहली बार वोटर बने हैं, उनके उत्साह को बढ़ाने के लिए उन्हें मिठाई खिलाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ें।
भारत आज वर्ल्ड का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम- मोदी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस ट्रेंड का भी जिक्र किया, जिसमें लोग साल 2016 की पुरानी तस्वीरें साझा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बीते वर्षों में देश में आए बदलावों को देखने का एक दिलचस्प तरीका है। अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए PM मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि ये स्टार्टअप पारंपरिक सोच से हटकर हैं, जिनकी कल्पना 10 साल पहले तक करना भी मुश्किल था।
PM- यंग जनरेशन स्टार्टअप के नए आयामों को छू रही
प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप से जुड़े युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे उन सभी युवा साथियों को सैल्यूट करते हैं, जो किसी न किसी स्टार्टअप से जुड़े हैं या नया स्टार्टअप शुरू करने का सपना देख रहे हैं। साथ ही उन्होंने भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि हम सबका एक ही मंत्र होना चाहिए। जिनमें क्वालिटी और सिर्फ क्वालिटी। इंडियन प्रोडक्ट का मतलब ही गुणवत्ता बनना चाहिए और इसके लिए हमें यह संकल्प लेना होगा कि किसी भी स्तर पर क्वालिटी से समझौता नहीं किया जाएगा।
जन्मदिन की तरह सेलिब्रेट हो फर्स्ट-टाइम वोटिंग
मतदाता दिवस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नए वोटर का उत्साह बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि जैसे हम जन्मदिन को जिस खुशी के साथ मनाते हैं, उसी तरह जब कोई युवा पहली बार मतदाता बनता है तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर को मिलकर उसे बधाई देनी चाहिए। पीएम ने कहा कि इस अवसर पर मिठाई बांटकर और शुभकामनाएं देकर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की परंपरा विकसित की जानी चाहिए।
UP की तमसा नदी का किया जिक्र
मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की तमसा नदी का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की कोशिशों से तमसा नदी को नया जीवन मिला है। पीएम ने कहा कि तमसा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की जीवंत धारा है।
अयोध्या से होकर बहने वाली और गंगा में मिल जाने वाली यह नदी कभी क्षेत्र के लोगों के जीवन का आधार हुआ करती थी, लेकिन प्रदूषण के चलते इसका प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया था। अब जनसहभागिता से इसे फिर से संजीवनी मिली है।
जानें और क्या बोले PM
- प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति और त्योहारों की वैश्विक पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भारत के पर्व और परंपराएं पूरी दुनिया में उत्साह के साथ मनाई जा रही हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय न सिर्फ अपने त्योहार मना रहे हैं, बल्कि अपनी भाषा और संस्कृति को भी आगे बढ़ा रहे हैं।
- PM ने यह भी बताया कि मलेशिया में 500 से अधिक तमिल स्कूल संचालित हो रहे हैं, जहां तमिल के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
- मोदी ने जनभागीदारी और सामूहिकता को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भक्ति की परंपरा भी समय के साथ बदली है। पहले मंदिरों में भजन-कीर्तन होते थे, आज का युवा भक्ति को अपने अनुभव और जीवनशैली से जोड़ रहा है।
- इसी कड़ी में उन्होंने गुजरात के बेचराजी क्षेत्र के चंदनकी गांव का उदाहरण दिया, जहां एक अनोखी परंपरा देखने को मिलती है। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस गांव में खासतौर पर बुजुर्ग अपने घरों में खाना नहीं बनाते, बल्कि गांव का सामुदायिक रसोईघर सभी की जरूरतें पूरी करता है, जो सामूहिकता की भावना का सशक्त उदाहरण है।











