बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें!IMD का अलर्ट, उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में एक हफ्ते तक भारी बारिश का खतरा

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून अब लोगों के लिए राहत के साथ बड़ी चुनौती भी बन गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश का अनुमान जताया है। लगातार बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और सड़कें बंद होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। अरुणाचल प्रदेश में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी हालात सामान्य नहीं हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले छह से सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश भी दर्ज की जा सकती है। वहीं, पश्चिम-मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिलहाल सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: पहली बारिश में धंसी 33 करोड़ों की सड़क, बिलासपुर में निर्माण गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल
अरुणाचल में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अपर सुबनसिरी जिले के गिबा, निलिंग, चेतम और दापोरिजो क्षेत्र के करीब 35 गांव बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। प्रशासन के अनुसार एक लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। कई गांवों का संपर्क टूट गया है और राहत कार्य लगातार जारी हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर भारी मलबा गिरने से आवाजाही रोकनी पड़ी। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और सड़क साफ करने का काम जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन हुआ। चंबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग कई घंटों तक बंद रहा, जबकि कुछ स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
किन्नौर में बादल फटने से बढ़ा खतरा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की सांगला घाटी में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ। तेज बहाव में आईटीबीपी कैंप के पास बनी गुमटी और एक मंदिर बह गया। पानी बैरकों तक पहुंच गया, हालांकि समय रहते जवान सुरक्षित स्थान पर चले गए। इस घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि बारिश के बावजूद कुछ समय तक उमस बनी रह सकती है। 20 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है।
हिमाचल और पंजाब में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका भी जताई गई है। पंजाब में भी अगले पांच दिनों तक तेज बारिश का अनुमान है। सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
ये भी पढ़ें: Ahmedabad Fire : अहमदाबाद फैक्ट्री हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
श्रद्धालुओं और यात्रियों पर भी पड़ा असर
लगातार खराब मौसम का असर धार्मिक यात्राओं पर भी दिखाई दे रहा है। कटड़ा में भारी बारिश के चलते वैष्णो देवी जाने वाला बैटरी कार मार्ग कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था, जिसे बाद में दोबारा खोल दिया गया। खराब मौसम की वजह से हेलिकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही और श्रद्धालुओं को पैदल या अन्य साधनों से यात्रा करनी पड़ी। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।











