ग्वालियर पहुंची आईसीएआर की पीयर टीम, चार कृषि कॉलेजों का किया निरीक्षण

ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कॉलेजों और विश्वविद्यालय के निरीक्षण के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (एनएईएबी) की पांच सदस्यीय पीयर टीम सोमवार को ग्वालियर पहुंची। टीम ने निरीक्षण के पहले दिन इंदौर, सीहोर, मंदसौर और खंडवा स्थित कृषि कॉलेजों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण महाविद्यालयों द्वारा प्रस्तुत स्व-अध्ययन प्रतिवेदन (एसएसआर) के आधार पर किया जा रहा है, जिसमें सत्र 2021-22 से 2025-26 तक की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की जानकारी शामिल है।
शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का किया भौतिक सत्यापन
पीयर टीम ने कॉलेजों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, अनुसंधान एवं शोध गतिविधियों, मानव संसाधन, आधारभूत संरचना, कृषि प्रसार गतिविधियों और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया। टीम ने उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का मौके पर भौतिक सत्यापन भी किया।
पांच वर्षों की उपलब्धियों का दिया प्रस्तुतीकरण
निरीक्षण के दौरान कॉलेजों के अधिष्ठाताओं ने पीयर रिव्यू टीम के समक्ष पिछले पांच वर्षों की उल्लेखनीय उपलब्धियों, उपलब्ध संसाधनों, शैक्षणिक गतिविधियों और छात्र हित में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद महाविद्यालय और स्नातक कार्यक्रमों से संबंधित प्रस्तुतियां दी गईं। टीम के सदस्यों ने विभिन्न बिंदुओं पर सवाल और स्पष्टीकरण मांगे, जिनका संबंधित अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने जानकारी के साथ जवाब दिया।
ये भी पढ़ें: सतना के सरकारी प्राइमरी स्कूल में बरामदे का प्लास्टर गिरा, 4 छात्र घायल
स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों की समीक्षा
टीम ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर शैक्षणिक कार्यक्रमों, पाठ्यक्रम, शिक्षण व्यवस्था और मूल्यांकन प्रणाली की समीक्षा की। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों और उनके मूल्यांकन से जुड़े विषयों पर अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के साथ विस्तृत संवाद भी किया गया।
विद्यार्थियों, शिक्षकों और कृषकों से लिया फीडबैक
पीयर टीम ने कक्षाओं, पुस्तकालय, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सुविधाओं, अधिष्ठाता कार्यालय और प्रदर्शनी हॉल का भ्रमण किया। स्नातकोत्तर विभागों में शैक्षणिक कार्यक्रमों, अनुसंधान गतिविधियों, विद्यार्थियों से संबंधित अभिलेखों और विभागीय संसाधनों का भौतिक सत्यापन किया गया। संवाद एवं फीडबैक सत्र में विद्यार्थियों, शिक्षकों, तकनीकी कर्मचारियों, कृषकों और पूर्व छात्रों से शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, उनके अनुभव तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई।
ये भी पढ़ें: मौसम में ठंडक बढ़ते ही वायरल निमोनिया का प्रकोप, मरीजों की फूल रही सांस
29 सितंबर से विवि और ग्वालियर कॉलेज का निरीक्षण
डीआई कृषि विवि ग्वालियर डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि आईसीएआर की टीम विवि और कॉलेजों के निरीक्षण के लिए आई है। पहले दिन इंदौर, सीहोर, मंदसौर और खंडवा कॉलेजों का निरीक्षण किया गया। 29 सितंबर से टीम कृषि विश्वविद्यालय और ग्वालियर कॉलेज का निरीक्षण करेगी।




















