बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र स्थित हल्दी चौकी के गांव माहुद-बी में तीन साल की मासूम प्रिया साहू की मौत के बाद उसे जिस स्थान पर दफनाया गया था, वहां छेड़छाड़ की आशंका से गांव में हड़कंप मच गया है। दफन स्थल के पास कटा हुआ नींबू, मिट्टी के दीये और अगरबत्ती मिलने से ग्रामीणों को तंत्र-मंत्र के जरिए शव से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को तीन वर्षीय प्रिया साहू की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम जाने वाले रास्ते के पास उसे दफनाया था। शुक्रवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने दफन स्थल को अस्त-व्यस्त हालत में देखा। स्थल के आसपास तंत्र-विद्या से जुड़ा सामान पड़ा होने पर ग्रामीणों में डर और आक्रोश फैल गया।
इसके बाद उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से गांव में डर का माहौल बन गया है उन्होंने जल्द से जल्द जिम्मेदार आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही हल्दी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृत बच्ची के पिता ने चौकी प्रभारी को एक आवेदन सौंपते हुए दफन स्थल की खुदाई कर जांच कराने की मांग की है। जहां पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को बाहर निकालकर जांच करने की प्रक्रिया उपखंड अधिकारी की अनुमति के बाद ही की जा सकती है।
इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इस झकखोर कर देने वाली घटना से ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। मौके पर कई लोग जुटे रहे वहीं पुलिस द्वारा ग्राणीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों की परमिशन मिल जाएगी वैसे ही आगे की कार्रवाई कर जांच की जाएगी, और नियमानुसार सख्त एक्शन लेंगे।
वहीं बच्चों के पिता जितेंद्र कुमार ने प्रशासन से कहा कि मुझे मेरी बच्ची के शरीर के पूरे अंग चाहिए। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है उस पर ठोस कार्रवाई की जाए और हमें इंसाफ मिलें। हल्दी पुलिस चौकी प्रभारी नंदकुमार साहू ने कहा कि मामला काफी गंभीर है और जांच के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।