फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित कालका केमिकल फैक्ट्री में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में मेटल शीट कटिंग का काम होता है और यहां CNC मशीनें लगी हैं।
शाम के समय कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी फैक्ट्री में रखे एक केमिकल ड्रम में धमाका हो गया। इसके बाद एक के बाद एक कई ड्रम फटते चले गए, जिससे आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई।
आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गई। वहां खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोग आग और केमिकल की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में 5 पुलिसकर्मी भी झुलसे बताए जा रहे हैं, जो मौके पर हालात संभाल रहे थे। अब तक 35 लोगों के झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए सिविल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन आग ज्यादा फैलने पर 10 और दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। इस दौरान 2 पुलिसकर्मी और 3 दमकलकर्मी भी झुलस गए।
केमिकल से भरे ड्रम लगातार फट रहे थे, जिससे आग बढ़ती जा रही थी। एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया गया और राहत-बचाव कार्य तेज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों को अलर्ट किया गया। डॉक्टरों को बुलाकर बेड खाली कराए गए, ताकि घायलों का तुरंत इलाज हो सके।
फरीदाबाद के CMO जयंत आहूजा के अनुसार, अब तक 35 लोगों के झुलसने की पुष्टि हुई है। 12 मरीज सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं, बाकी का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने सभी जरूरी इंतजाम किए हैं और घायलों का इलाज जारी है।