Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर:होटल रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण, कार में घुमाकर की मारपीट; सीसीटीवी में कैद वारदात

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक होटल के रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण कर लिया।
होटल रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण, कार में घुमाकर की मारपीट; सीसीटीवी में कैद वारदात
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक होटल के रिसेप्शनिस्ट का बीच सड़क से अपहरण कर लिया। आरोपियों ने युवक को जबरन कार में बैठाकर शहर में घुमाया और रास्ते भर उसके साथ मारपीट करते रहे। बाद में उसे सड़क पर उतारकर धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

    होटल के बाहर से किया अपहरण                                                               

    घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में स्थित एक होटल के बाहर की है। पुलिस के अनुसार गिजौर्रा क्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी 24 वर्षीय श्यामू राणा होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता है। 12 मार्च की रात करीब डेढ़ बजे वह काम खत्म कर होटल के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।

    रिश्तेदार के बारे में पूछताछ कर की पिटाई

    पुलिस के मुताबिक कार में बैठे आरोपियों ने श्यामू से उसके साढ़ू उप्पे राणा के बारे में पूछताछ की और इसी बात को लेकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों का उप्पे राणा से किसी पुराने विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा है। श्यामू ने आरोपियों को बताया कि उसकी अपने साढ़ू से कोई बातचीत नहीं होती है, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने उसे पीटते हुए कार में घुमाया।

    गोविंदपुरी में छोड़कर हुए फरार

    कुछ देर बाद आरोपी श्यामू को गोविंदपुरी इलाके में कार से उतारकर धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट के कारण युवक की आंख और नाक में चोटें आई हैं। सीसीटीवी में कैद हुई घटना घायल युवक किसी तरह मध्य प्रदेश पुलिस के थाटीपुर थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो अपहरण की पूरी घटना फुटेज में कैद मिली।

    ये भी पढ़ें: ग्वालियर: नाबालिग को पाइप से बांधकर बेल्ट से पीटा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

    आरोपियों की तलाश में दबिश

    इस मामले में थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरियादी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

    Sumit  Shrivastava
    By Sumit Shrivastava

    सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

    Latest Posts