हरसूद में स्वतंत्रता दिवस की धूम, देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता लोगों का दिल

हरसूद। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी और निजी स्कूलों, शासकीय कार्यालयों और नगर के अलग-अलग स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
स्टेडियम ग्राउंड में हुआ मुख्य समारोह
धरती आबा बिरसा मुंडा स्टेडियम ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां जनपद अध्यक्ष ममता सावनेर ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा।
स्कूलों में निकली प्रभात फेरी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी और निजी स्कूलों में ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ जैसे नारे लगाए। बच्चों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इन जगहों पर भी हुआ ध्वजारोहण
हरसूद नगर परिषद में नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने ध्वजारोहण किया। बाजार चौक छनेरा में नगर परिषद उपाध्यक्ष द्वारकाप्रसाद प्रजापति ने तिरंगा फहराया।
इसके अलावा अरिहंत पब्लिक स्कूल में 91 वर्षीय कपूरचंद जैन (कटारिया), अभिनव पब्लिक स्कूल में उपाध्यक्ष डॉ. शिशिर अग्रवाल, ग्लोबल राइस इंटरनेशनल स्कूल में डायरेक्टर अजीत रायखेरे, संयुक्त कार्यालय में एसडीएम आरसी खतेडिया ने ध्वजारोहण किया।
संदीपनी विद्यालय हरसूद में प्राचार्य आरके पटवारे, शासकीय हाई स्कूल छनेरा में प्राचार्य सचिन राजोरिया, शासकीय बालक उत्कृष्ट विद्यालय हरसूद में प्राचार्य आशीष मालवीय, पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में केएस कास्डे और माताजी प्रांगण नया हरसूद में वरिष्ठ नागरिक गोविंद ओनकर ने तिरंगा फहराया।
इस दौरान तहसीलदार संगीता मेहतों, नायब तहसीलदार सुरेश बामनिया, नगर परिषद सीएमओ नृपत सिंह, जनपद पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह ठाकुर, पार्षद, जनपद सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
देशभक्ति गीतों पर बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुति
मुख्य समारोह में शहर के 9 सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने ‘लहराता रहे ये तिरंगा हमारा’, ‘मैं रहूं ना रहूं भारत ये रहना चाहिए’, ‘रंग म्हारो केसरिया’ और ‘वतन नहीं मिटने देंगे’ जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
अलग-अलग वर्गों में स्कूलों ने हासिल किए स्थान
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलग-अलग वर्गों में स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
वर्ग-1 में अभिनव पब्लिक स्कूल हरसूद ने प्रथम और संदीपनी विद्यालय हरसूद ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
वर्ग-2 में शासकीय कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास छनेरा की छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वर्ग-3 में संदीपनी विद्यालय हरसूद ने प्रथम, शासकीय हाई स्कूल छनेरा ने द्वितीय, शासकीय पीएमश्री कन्या विद्यालय ने तृतीय और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरसूद ने चतुर्थ स्थान हासिल किया।
विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
अभिनव पब्लिक स्कूल हरसूद के विद्यार्थियों के प्रथम स्थान हासिल करने पर एसडीएम आरसी खतेडिया और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।













