हरसूद में CM के दौरे की तैयारियां तेज, कलेक्टर ने सभा स्थल और रोड शो मार्ग का किया निरीक्षण

हरसूद। वीरांगना रानी दुर्गावती जयंती समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 5 अक्टूबर को हरसूद का प्रस्तावित दौरा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर खंडवा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने हरसूद में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद सभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, रोड शो मार्ग और संत बुखारदास बाबा समाधि स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर गुप्ता ने सभी विभागों को तय समय में तैयारियां पूरी करने और आपस में समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम आरसी खातेडिया, तहसीलदार संगीता महतो, जनपद सीईओ जितेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों ने भी हेलीपैड और सभा स्थल का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर एसडीओपी लोकेंद्र सिंह ठाकुर, टीआई जगदीश सिंधिया, सीएचएमओ डॉ. ओपी जुगतावत, डीईओ बलवंत पटेल, डीपीसी पीएस सोलंकी, आरटीओ निशा चौहान, नपं. सीएमओ नृपत सिंह, डिप्टी कलेक्टर दीक्षा भगोरे, ममता चौहान, नायब तहसीलदार वैशाली बघेल, याचना दीक्षित, अरविंद पाराशर सहित जिप उपाध्यक्ष दिव्यदित्य शाह, जिला महामंत्री संतोष सोनी, गोंड महासभा के सोहन लाल ऊईके, सुशील बरडिया, संतोष सिटोके, जनपद अध्यक्ष ममता सावनेर और जनपद सदस्य महेंद्र सिंह राजपूत मौजूद रहे।
सभा स्थल पर सुरक्षा और पानी की व्यवस्था
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सभा स्थल पर मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और साफ-सफाई की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सभा स्थल पर क्षमता के अनुसार कुर्सियां लगाने और व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया। पेयजल के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को हर सेक्टर में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और नियमित निगरानी करने को कहा गया।
रोड शो मार्ग पर पशुओं की आवाजाही रोकने के निर्देश
कलेक्टर ने संत बुखारदास बाबा समाधि स्थल से करीब 2 किलोमीटर के प्रस्तावित रोड शो मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को मार्ग पर पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए पहले से इंतजाम करने को कहा। रोड शो मार्ग की साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा को लेकर पुलिस और संबंधित विभागों को मिलकर काम करने को कहा गया।
लाभार्थियों की सूची मांगी, हेलीपैड और पार्किंग की व्यवस्था देखी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से हितलाभ वितरण प्रस्तावित है। इसके लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों से हितलाभ की जानकारी और हितग्राहियों की सूची जल्द देने को कहा है। इससे कार्यक्रम में वितरण की व्यवस्था पहले से तय की जा सकेगी। पार्किंग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वाहनों की व्यवस्था ऐसी रखने को कहा, जिससे कार्यक्रम के बाद लोगों को अपने वाहन तलाशने में परेशानी न हो। पार्किंग में प्रवेश और निकास की व्यवस्था भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने एसपी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
इंदौर में सड़क चौड़ीकरण की राह में आया 5 मंजिला होटल! छावनी में निगम ने किया जमींदोज
52 अतिथियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था
बैठक में कार्यक्रम में शामिल होने वाले करीब 52 अतिथियों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने उनके राजकीय सम्मान, ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ये अतिथि प्रदेश के गोंड राजघरानों के वंशज होंगे। 5 अक्टूबर को रानी दुर्गावती जयंती के अवसर पर 52 गढ़ों के वंशजों के सम्मान का कार्यक्रम हरसूद में प्रस्तावित है।




















