इंदौर में सड़क चौड़ीकरण की राह में आया 5 मंजिला होटल! छावनी में निगम ने किया जमींदोज

इंदौर। छावनी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने एक बार फिर बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। मास्टर प्लान के तहत सड़क निर्माण की राह में आ रहे बाधक हिस्सों को हटाने के लिए निगम का अमला मौके पर पहुंच गया है। भरत मथुरावाला के प्रतिष्ठान के बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई फिलहाल जारी है।नगर निगम की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मैन्युअल तरीके से भी बाधक हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अपर आयुक्त आकाश सिंह और प्रखर सिंह भी मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
छावनी में पहले भी हो चुका है बड़ा एक्शन
छावनी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर निगम पहले भी बड़ी कार्रवाई कर चुका है। मई में मास्टर प्लान के तहत करीब 60 फीट सड़क के लिए बाधक निर्माण हटाए गए थे। उस दौरान कई निर्माणों पर कार्रवाई हुई थी, जबकि कुछ निर्माणों को अलग-अलग कारणों से राहत मिली थी।अब निगम ने एक बार फिर सड़क निर्माण की राह में आ रहे हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है। भरत मथुरावाला के प्रतिष्ठान पर चल रही कार्रवाई के दौरान फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
मास्टर प्लान के मुताबिक सड़क निर्माण पर जोर
नगर निगम का फोकस मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित सड़क को निर्धारित चौड़ाई में विकसित करने पर है। इसी क्रम में सड़क की राह में आने वाले बाधक हिस्सों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल निगम का अमला मौके पर मौजूद है और बाधक हिस्से को हटाने का काम लगातार जारी है। अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।


















