🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

हरदा में उफनती नदी पार करना पड़ा भारी, बाइक समेत बहा 60 वर्षीय बुजुर्ग

जिले के सिराली थाना क्षेत्र अंतर्गत सयानी नदी का पानी रपटे के ऊपर से बह रहा था। इस दौरान एक बुजुर्ग अपनी बाइक समेत रपटा पार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेज बहाव में बुजुर्ग बाइक सहित बह गया।
Follow on Google News
हरदा में उफनती नदी पार करना पड़ा भारी, बाइक समेत बहा 60 वर्षीय बुजुर्ग
हरदा में उफनती सयानी नदी में बाइक समेत बहा बुजुर्ग

हरदा। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडासेल स्थित सयानी नदी में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। नदी में पानी का तेज बहाव था और पानी रपटे के ऊपर से बह रहा था। इसी दौरान 60 वर्षीय गोविंद ठाकुर बाइक लेकर रपटा पार करने लगे। तेज बहाव के कारण वह बाइक समेत नदी में बह गए।

गनीमत रही, किनारे पहुंचकर बचाई जान

पानी के तेज बहाव में बहने के बाद बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को संभाला और नदी के किनारे पहुंच गए। इससे उनकी जान बच गई। हालांकि, उनकी बाइक अभी भी नदी के गहरे पानी में डूबी हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रशासन की अपील के बावजूद जोखिम उठा रहे लोग

जिले में लगातार बारिश के कारण कई नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है। कई जगह रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। जिला प्रशासन की ओर से लोगों को बार-बार अपील की जा रही है कि उफनती नदी और रपटों को पार करने की कोशिश न करें। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लोग खतरा उठाकर पानी पार कर रहे हैं। मुंडासेल की घटना भी इसी लापरवाही का उदाहरण है।

Breaking News

नर्मदा घाटों पर प्रशासन अलर्ट

उधर, नर्मदा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और हरियाली अमावस्या को देखते हुए प्रशासन ने नर्मदा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। हंडिया समेत अन्य घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। टिमरनी विकासखंड के ग्राम लछोरा, गोंदागांव खुर्द और छीपानेर स्थित नर्मदा घाटों पर भी प्रशासन ने विशेष निगरानी रखी।

अधिकारी कर रहे लगातार मॉनिटरिंग

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके का जायजा ले रहे हैं। एसडीएम शैलेंद्र बडोनिया और एसडीओपी आकांक्षा तलैया सुरक्षा व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाले और रपटों में पानी का बहाव तेज होने पर किसी भी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

icon

Latest Posts