हरदा में चाकूबाजी के आरोपियों का जुलूस, कान पकड़कर लगवाई उठक-बैठक

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा में दो युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों को मुख्य मार्गों से निकाला। इस दौरान उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मिडिल स्कूल ग्राउंड के पास का है।
मामूली विवाद में हुई मारपीट, दो युवक घायल
सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सिंधी कॉलोनी के कुछ युवक सिद्धवीर हनुमान मंदिर के पास दुर्गा पंडाल में टेंट लगाने वाले व्यक्ति से बात कर रहे थे। इसी दौरान कार से वहां पहुंचे कुछ युवकों से रास्ते में कार निकालने को लेकर कहासुनी हो गई। सड़क पर रखे बैरिकेड हटाने की बात पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कार सवार युवकों ने नीचे उतरकर मारपीट की। इस दौरान पलाश लोकवाणी और निखिल असरानी पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती कार्रवाई में दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान की। मामले में जयंत उर्फ जस्सी (18), साकेत मौर्य (19), अनिकेत बेस (21) और ऋषि धनोदय (17) को गिरफ्तार किया गया है।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों का मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। इस दौरान उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




















