हरदा : सोया प्लांट के अंदर घुसा तेंदुआ, प्रबंधन बेखबर, सूचना के डेढ़ घंटे बाद पहुंचा वन अमला

हरदा। मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर ग्राम पलासनेर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्टेट हाईवे पर स्थित सालासर एग्रोबेट सोयाबीन प्लांट के अंदर तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। इससे प्लांट में काम करने वाले 100 से अधिक कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि यह पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे तेंदुए की मौजूदगी का खुलासा हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पिछले दो दिनों से सोयाबीन प्लांट परिसर में बेखौफ घूम रहा है। प्लांट के अंदर इतने बड़े वन्यजीव की मौजूदगी से कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों की जान जोखिम में होने की आशंका जताई जा रही है।
दो दिन तक वन विभाग को सूचना नहीं देने का आरोप
प्लांट में तेंदुआ दिखाई देने के बावजूद प्रबंधन पर शुरुआती दो दिनों तक वन विभाग को इसकी सूचना नहीं देने का आरोप है। मामला तब उजागर हुआ, जब तेंदुए का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रबंधन ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।प्लांट परिसर में तेंदुए की मौजूदगी के बावजूद समय पर सूचना नहीं दिए जाने से प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते वन विभाग को जानकारी दी जाती, तो तेंदुए की तलाश और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम पहले उठाए जा सकते थे।
ये भी पढ़ें: हरदा में अवैध सागौन की तस्करी का खुलासा, एक आरोपी पकड़ाया और चार फरार
वन विभाग की टीम ने शुरू की तलाशी
मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल, वन विभाग की टीम प्लांट परिसर में तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक टीम को तेंदुए की लोकेशन का पता नहीं चल सका था। प्लांट परिसर में तेंदुए की मौजूदगी के कारण कर्मचारियों में भय बना हुआ है। अब वन विभाग की टीम के सामने तेंदुए का पता लगाने और परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।
ये भी पढ़ें: हरदा जिला अस्पताल पहुंचे CM मोहन यादव, मरीजों से जाना हाल; बच्चों को बांटे चश्मे और TB मरीजों को दी पोषण किट




















