Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Gwalior News : अवैध बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद में फायरिंग, बुजुर्ग को लगी गोली

Follow on Google News
Gwalior News : अवैध बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद में फायरिंग, बुजुर्ग को लगी गोली
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के हीरानगर में बुधवार रात बिजली का तार डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें 70 वर्षीय बुजुर्ग बृजमोहन भदौरिया को गोली लग गई, जबकि 3-4 अन्य लोग लाठी-डंडों से घायल हुए। यह घटना रात करीब 11 बजे की है।

अवैध कनेक्शन जोड़ने से रोका तो शुरू हुआ झगड़ा

हीरानगर में रहने वाले बृजमोहन भदौरिया के पास प्रताप सिंह का घर है। बताया गया कि दो दिन पहले विद्युत विभाग ने प्रताप सिंह का बिजली कनेक्शन काट दिया था। बुधवार रात प्रताप सिंह के बेटे शिव प्रताप और अन्य परिजन बिजली पोल से अवैध तार जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। जब बृजमोहन और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो झगड़ा शुरू हो गया।

लाठी-डंडों से हमला और फिर गोलियां चलीं

झगड़े के बाद आरोप है कि शिव प्रताप सिंह के साथ मनोज, रवि, पंकज, विक्कू जादौन, शिवम पवैया और शिव सिंह तोमर ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद फायरिंग भी की गई। गोली लगने से बृजमोहन के पेट और बाजू में गंभीर चोटें आईं। वहीं, अभय, राकेश और सुरेश नामक परिजनों को लाठी-डंडों से मारकर घायल किया गया। फायरिंग की खबर मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल, हजीरा पहुंचाया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

घायल अभय भदौरिया ने बताया कि हमलावरों में शिव प्रताप सिंह, मनोज सिंह, पंकज सिकरवार, रवि राठौर, बीकू जादौन, शिवम पवैया और शिव सिंह तोमर शामिल थे। सभी हथियारों से लैस होकर आए थे। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज से लोग डर गए और जान बचाने के लिए छिप गए। थाना प्रभारी क्षमा राजोरिया ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts