Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर-झांसी हाईवे पर भीषण हादसा :रेत से भरी ट्रॉली में घुसी फॉर्च्यूनर, 5 युवकों की मौके पर मौत

ग्वालियर-झांसी हाइवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में बैठे पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई शुरू की।
रेत से भरी ट्रॉली में घुसी फॉर्च्यूनर, 5 युवकों की मौके पर मौत
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मालवा कॉलेज के सामने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर  जोरदार तरीके से जा घुसी। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रॉली के नीचे दब गया और वाहन चकनाचूर हो गया। वहीं सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

    कैसे हुआ हादसा

    जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 6:35 बजे मालवा कॉलेज के सामने बने मोड़ पर हुआ। फॉर्च्यूनर (नंबर MP07 CG 9006) झांसी से एक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्वालियर लौट रही थी। मोड़ के पास अचानक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने आ गई। तेज गति के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार सीधे ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा घुसी। 

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि, कार का इंजन सेक्शन मुड़कर ट्रॉली के नीचे आ गया। कार के अंदर बैठे युवकों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से भाग गया। पुलिस ट्रॉली के नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। 

    Uploaded media

    कार के एयरबैग खुलकर फटे

    घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टक्कर के साथ ही कार के सभी एयरबैग खुले और फट गए। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि, कार की रफ्तार कम से कम 110-120 किमी/घंटा रही होगी। पुलिस ने बताया कि, इतनी रफ्तार में ट्रॉली से टकराने पर बचने की संभावना लगभग शून्य होती है।

    हादसे के बाद कार और ट्रॉली के बीच शव इतने बुरी तरह फंस गए कि उन्हें निकालना बेहद मुश्किल था। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर कटर मशीन की सहायता से कार को लगभग आधा काटकर मृतकों को बाहर निकाला।

    ग्वालियर निवासी हैं सभी मृतक

    पुलिस ने बताया कि, पांचों मृतक ग्वालियर के रहने वाले थे। इनमें से एक की पहचान श्रीकृष्णा राजावत, निवासी आदित्यपुरम के रूप में की गई है। बाकी चार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। परिजन घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे।

    प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, दुर्घटनास्थल से शराब की खाली बोतल और डिस्पोजेबल गिलास भी मिले हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि, कहीं हादसे के समय वाहन चालक नशे में तो नहीं था। इसके लिए FSL टीम को भी बुलाया गया है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts