Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जयवर्धन सिंह बोले- गौसेवा में जान गंवाने वालों को मिले सरकारी नौकरी, सीएम मंदसौर में कर चुके हैं घोषणा

जयवर्धन सिंह बोले- गौसेवा में जान गंवाने वालों को मिले सरकारी नौकरी, सीएम मंदसौर में कर चुके हैं घोषणा

गुना। जिले के धरनावदा में हृदयविदारक घटना में 5 युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। मप्र सरकार के पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने मंगलवार को अस्पताल में जीवित बचे युवक से मुलाकात की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मृतकों में दो कुशवाहा, एक साहू, एक ओझा और एक सहरिया समाज से सम्बंधित नौजवान युवक शामिल हैं।

पीड़ित परिवारों से मिले जयवर्धन

जयवर्धन सिंह ने घटना को दुखद बताया और कहा कि संभवत: यह पहली बार है जब गौमाता को बचाने के प्रयास में पांच युवकों की जान चली गई। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राघौगढ़ विधायक ने पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया और मंदसौर जिले में हुई इसी तरह की एक घटना का हवाला दिया, जहां मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया था। उन्होंने मांग की कि धरनावदा घटना के मृतकों के परिजनों को भी शासकीय नौकरी दी जाए, क्योंकि सभी मृतकों के छोटे-छोटे बच्चे हैं।

अस्पताल के बाहर जयवर्धन सिंह ने मृतकों के परिजनों से भी बात की, जिनमें घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त था। परिजनों ने बचाव कार्य में लगभग चार घंटे की देरी और तत्परता की कमी पर नाराजगी व्यक्त की।

हालत बिगड़ते देख विधायक को निजी स्तर पर बुलाना पड़ीं एम्बुलेंस

घटनास्थल पर जब शासकीय एम्बुलेंस काफी देर तक नहीं पहुंच पाईं तो जयवर्धन ने निजी स्तर पर 5 एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाने का प्रबंध किया। परिजन इसी बात से आक्रोशित थे कि अगर समय रहते एम्बुलेंस पहुंच जातीं तो युवकों को बचाया जा सकता था। परिजनों में आक्रोश इस बात का भी था कि पुलिस भी घटनास्थल देर से पहुंची और पहुंचने के बाद भी कुऍं में नहीं उतरी जबकि पुलिसकर्मियों का कहना था कि वे एनडीआरएफ टीम की प्रतीक्षा कर है थे क्योंकि कुँए में उतरना बहुत जोखिम भरा था।

समझाइश के बाद पोस्टमार्टम के लिए माने परिजन

शुरुआत में मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर रहे थे, लेकिन जयवर्धन सिंह की समझाइश के बाद वे मान गए। इसके बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

सीएम ने किया आर्थिक सहायता ऐलान

घटना पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा- गुना जिले की राघौगढ़ तहसील के धरनावदा गांव में हुए हादसे में पांच लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। मैंने प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत जी को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के निकटतम परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति और परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

(इनपुट- राजकुमार रजक)

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts