गुना में पुरानी रंजिश!थाने में शिकायत के एक घंटे बाद दो भाइयों पर जानलेवा हमला

रंजिश में दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला, थाने से लौटते ही आरोपियों ने घेरा, हालत गंभीर
थाने में शिकायत के एक घंटे बाद दो भाइयों पर जानलेवा हमला
गुना में खुनी संघर्ष में दो सगे भाइयों पर चाकू से वार

गुना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बूढ़े बालाजी इलाके में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर बेखौफ बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम टेकरी रोड बूढ़े बालाजी निवासी 18 वर्षीय ऋषभ ओझा पुत्र विष्णु ओझा शनिवार रात करीब 9 बजे टेकरी से अपने घर की ओर आ रहा था। इसी दौरान प्रियंका शोरूम के पास पहले से घात लगाए बैठे हितेश परिहार, विक्की उर्फ विद्ली कुशवाह और उनके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसका रास्ता रोक लिया और अश्लील गालियां देने लगे। घटना के तुरंत बाद ऋषभ ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। 

यह भी पढ़ें: गुना : जिला अस्पताल में शुरू हुआ सेवा भारती का रोगी सहायता केंद्र, रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज्बा

कब हुआ हमला...

थाने में शिकायती आवेदन देकर जब ऋषभ अपने भाई केशव ओझा के साथ वापस लौट रहा था, तभी रात करीब 10 बजे सकतपुर रोड स्थित बालाजी भसुआ वाले के पास आरोपियों ने दोनों को दोबारा रोक लिया। रंजिश के तहत आरोपियों ने चाकू निकालकर ऋषभ पर हमला बोल दिया, जिससे चाकू सीधे उसकी पसली में जा धंसा। जब केशव अपने भाई को बचाने दौड़ा तो बदमाशों ने उस पर भी चाकुओं से हमला कर पीट दिया।

Featured News

आसपास के लोगों ने बचाई दोनों की जान

सडक़ पर मचे इस खूनी ड्रामे को देखकर आसपास के स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया और दोनों भाइयों की जान बचाई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। इधर, सरेराह हुई इस चाकूबाजी की वारदात से पूरे बूढ़े बालाजी क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी हितेश परिहार, विक्की कुशवाह सहित दो अन्य साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण यह हमला हुआ है।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts