Happy Independence Day
🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

गुना में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, भाजपा ने निकाला मौन जुलूस

गुना में भाजपा ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस काला दिवस के रूप में मनाया। प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि विभाजन केवल सीमाओं का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन और भावनाओं का बंटवारा था। कार्यक्रम के बाद हाट रोड से जय स्तंभ चौराहा तक मौन जुलूस निकालकर विभाजन पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई।
Follow on Google News
गुना में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, भाजपा ने निकाला मौन जुलूस
गुना में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

गुना। देश के विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस काला दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान कार्यक्रम आयोजित कर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन जुलूस निकालकर पीड़ितों को नमन किया।

‘विभाजन सिर्फ सीमाओं का बंटवारा नहीं था’

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भारत का विभाजन केवल देश की सीमाओं का विभाजन नहीं था। इसका असर करोड़ों लोगों के जीवन, परिवारों और भावनाओं पर पड़ा। आज भी कई परिवार उस त्रासदी की पीड़ा को अपनी स्मृतियों में संजोए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाजन के इतिहास को समझना और आने वाली पीढ़ियों तक उसकी जानकारी पहुंचाना जरूरी है। स्वतंत्रता आंदोलन के लंबे संघर्ष के दौरान देशवासियों ने स्वतंत्र और अखंड भारत का सपना देखा था, लेकिन तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और लिए गए निर्णयों के कारण देश का विभाजन हुआ।

लाखों लोगों ने झेला विस्थापन और हिंसा का दर्द

भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने हिंसा का सामना किया और अपने परिवारों तथा अपनों से बिछड़ गए।

Breaking News

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की खुशी के साथ देश के विभाजन की मानवीय त्रासदी का दर्द भी जुड़ा हुआ था। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन ज्ञात-अज्ञात लोगों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्राण गंवाए या अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर हुए।

हाट रोड से जय स्तंभ चौराहा तक निकला मौन जुलूस

कार्यक्रम के बाद भाजपा जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाट रोड से मौन जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान विभाजन के समय हिंसा और नरसंहार का शिकार हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। मौन जुलूस जय स्तंभ चौराहा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए पीड़ितों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरि सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, गजेंद्र सिकरवार, जिला महामंत्री रविंद्र रघुवंशी टिल्लू, संतोष धाकड़, चंद्र प्रकाश अहिरवार, कॉफी बोर्ड सदस्य मनोज दुबे सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा धरम सोनी, देवेंद्र गुप्ता, रमेश मालवीय, सुनीता बंजारा, प्रबल प्रताप सिंह राजपूत, विकास जैन, अंकुर श्रीवास्तव, नीरज निगम, मोहित नामदेव, राजेश साहू, ओम प्रकाश राठौर, दिलीप सेन, वीरेंद्र सिंह धाकड़, नरेंद्र बड़कुल सहित भाजपा मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पार्षद भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak
icon

Latest Posts