लालकृष्ण आडवाणी की सेहत में सुधार, चेस्ट इन्फेक्शन के कारण भर्ती, आज होंगे डिस्चार्ज

भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती लालकृष्ण आडवाणी की हालत में सुधार हुआ है। उन्हें सोमवार को अपोलो अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। लालकृष्ण आडवाणी को 16 अक्टूबर को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा था। अब उनकी सेहत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से घर जाने की अनुमति दे दी गई।
डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा था इलाज
मिली जानकारी के अनुसार, लालकृष्ण आडवाणी का इलाज वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट और सीनियर कंसल्टेंट की देखरेख में किया जा रहा था। डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे थे। इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार दर्ज किया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला लिया गया। लालकृष्ण आडवाणी की उम्र को देखते हुए उनकी सेहत को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति की निगरानी कर रही थी।
पहले भी जांच के लिए जाते रहे हैं अस्पताल
लालकृष्ण आडवाणी स्वास्थ्य संबंधी जांच और डॉक्टरों से सलाह लेने के लिए समय-समय पर अपोलो अस्पताल जाते रहे हैं। वह पहले भी न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लेते रहे हैं। लालकृष्ण आडवाणी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने लंबे समय तक देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाई है। वह केंद्र सरकार में उपप्रधानमंत्री के पद पर भी रह चुके हैं। फिलहाल, उनकी सेहत में सुधार होने और अस्पताल से छुट्टी मिलने की खबर से उनके समर्थकों को राहत मिली है।




















