Guna News : सीएम और सिंधिया के दौरे से पहले परिजनों ने किया चक्काजाम, बाढ़ में बहे युवक का अब तक नहीं मिला सुराग

- एक सप्ताह बाद भी लापता बब्लू कुशवाह की तलाश में नाकाम प्रशासन, आक्रोशित परिजनों ने एबी रोड किया जाम
Guna News : सीएम और सिंधिया के दौरे से पहले परिजनों ने किया चक्काजाम, बाढ़ में बहे युवक का अब तक नहीं मिला सुराग
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। बाढ़ से तबाह गुना जिले में एक लापता युवक को लेकर जनाक्रोश चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले सोमवार को नानाखेड़ी मंडी के सामने युवक बब्लू कुशवाह (25) के परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। बब्लू बीते मंगलवार को बाढ़ में अपनी गुमटी सहित बह गया था, लेकिन प्रशासन अब तक उसे खोज नहीं पाया है।

    Uploaded media

    बाढ़ के तेज बहाव में बह गया था बब्लू

    घटना के अनुसार, बब्लू कुशवाह अपनी गुमटी (छोटी दुकान) पर मौजूद था, जब अचानक आई बाढ़ में वह फंस गया। खुद को बचाने के लिए वह गुमटी की छत पर चढ़ गया, लेकिन तेज बहाव उसे गुमटी समेत बहा ले गया। इसके बाद से परिजन और स्थानीय लोग लगातार तलाश कर रहे हैं लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

    Uploaded media

    एक हफ्ते से तलाश जारी 

    बब्लू के परिजन और स्थानीय निवासी पिछले सात दिनों से लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने जब प्रशासन से मदद मांगी, तो जवाब मिला- "नाव होगी तो ढूंढेंगे।"

    इस जवाब ने परिजनों का आक्रोश और बढ़ा दिया। उनका कहना है कि जब शासन-प्रशासन खुद को संवेदनशील बताता है, तो एक युवक के लिए एक नाव भी उपलब्ध नहीं कर पाया, यह दुखद और शर्मनाक है।

    Uploaded media

    दूसरी बार हुआ चक्काजाम 

    इससे पहले, चार दिन पूर्व भी परिजनों ने एबी रोड पर चक्काजाम किया था। उस समय प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जब एक सप्ताह बाद भी युवक का कोई अता-पता नहीं चला, तो सोमवार को पुनः चक्काजाम किया गया।

    सीएम और सिंधिया के दौरे से पहले परिजनों की मांग

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाले हैं। वहीं प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू करने और बब्लू कुशवाह की तलाश के लिए नाव, गोताखोर और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह हाथ पर हाथ रखे बैठा रहा तो हम आगे और उग्र आंदोलन करेंगे।

    (रिपोर्ट- राजकुमार रजक)

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts