दिवाली पर शराब पीने से रोका तो पति ने की पत्नी की पिटाई, महिला की मौत

दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन मध्य प्रदेश के चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़की में इस त्योहार के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां शराब पीने से मना करने पर पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान सोकरती बाई के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दीपावली के दिन उन्हें सूचना मिली थी कि ग्राम भेड़की में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां घर की दहलान में महिला का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल पर मिले टूटे हुए कांच और खून के निशान
पुलिस ने जब घटनास्थल की जांच की तो आंगन में टूटी हुई चूड़ियां बिखरी मिलीं। इसके अलावा वहां खून के निशान भी पाए गए। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए, ताकि घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके। इसके बाद पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया कि दीपावली की रात महिला का पति शराब पीना चाहता था। लेकिन पत्नी ने उसे शराब पीने से मना कर दिया। वह चाहती थी कि त्योहार का दिन परिवार के साथ शांति और खुशी से बीते।
शराब पीने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पत्नी की बात सुनकर पति गुस्सा हो गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। इस घटना में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Katni Fire : दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 माह के मासूम समेत 6 की मौत
आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था पति
पुलिस की पूछताछ में एक और बात सामने आई है। पड़ोसियों और परिवार के लोगों के मुताबिक, आरोपी पति अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। दीपावली की रात शराब पीने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इस बार बेहद गंभीर हो गया और महिला की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। दीपावली के मौके पर हुई इस वारदात से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए हैं। मामले में मर्ग कायम करने के साथ अपराध भी दर्ज किया गया है। FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




















