Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में पटाखे फोड़ने से रोकने पर युवक की चाकू मारकर हत्या, मां पर भी किया हमला

भोपाल के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने से रोकने पर विवाद हुआ। आरोपियों ने मां-बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान 25 वर्षीय अनिकेत की मौत हो गई।
भोपाल में पटाखे फोड़ने से रोकने पर युवक की चाकू मारकर हत्या, मां पर भी किया हमला
पटाखे फोड़ने से रोकने पर युवक की चाकू मारकर हत्या

राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर के सामने नाली के पास आतिशबाजी कर रहे युवकों को जब युवक की मां ने रोका तो उन्होंने उनके साथ बदसलूकी की और चाकू से हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे बेटे पर भी आरोपियों ने चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल अनिकेत खटीक ने सोमवार तड़के करीब 5 बजे अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में उसकी मां सुनीता भी घायल हुई हैं।

नाली के पास पटाखे फोड़ने से घर की दीवार पर पड़ रहे थे कीचड़ के छींटे

परिजनों के मुताबिक दीपावली की रात कुछ युवक अनिकेत खटीक के घर के सामने नाली और कीचड़ के पास पटाखे फोड़ रहे थे। इससे कीचड़ और गंदगी के छींटे घर की दीवार पर पड़ रहे थे। यह देखकर अनिकेत की मां सुनीता ने युवकों को टोका और घर से कुछ दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर युवकों ने सुनीता के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। मां के साथ अभद्रता होते देख अनिकेत ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

मां को बचाने पहुंचे बेटे पर चाकू से किए दो वार

अनिकेत के भाई अभिषेक के मुताबिक आरोपियों ने पहले उनकी मां सुनीता पर चाकू से तीन वार किए। मां को बचाने के लिए अनिकेत बीच में आया तो हमलावरों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। उसके जांघ और कमर पर दो वार किए गए। गंभीर रूप से घायल अनिकेत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह करीब 5 बजे उसकी मौत हो गई। इस घटना में घायल सुनीता का भी इलाज कराया गया है। अनिकेत के परिवार में उसका बड़ा भाई अभिषेक और एक बहन है। दीपावली की खुशियां कुछ ही देर में परिवार के लिए मातम में बदल गईं।

अमन रैकवार और प्रेम पर हमले का आरोप

परिजनों ने घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम पर हमले का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने आतिशबाजी करने के लिए छोला इलाके में रहने वाले अपने कुछ साथियों को भी बुलाया था। हालांकि वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

परिजनों ने पुलिस पर 45 मिनट देरी से पहुंचने का लगाया आरोप

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। परिवार के मुताबिक तब तक अनिकेत की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। हालांकि हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इस तरह पुलिस और परिजनों के बयानों में मौके पर पहुंचने के समय को लेकर अंतर है।

भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद VIP गेस्ट हाउस के सामने शव रखकर चक्काजाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना के वीडियो आए सामने, संदेहियों से पूछताछ कर रही पुलिस

घटना से जुड़े अलग-अलग वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में कुछ युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है जबकि दूसरे में लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस इन वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया के मुताबिक मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आतिशबाजी के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस इस आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि विवाद की वजह पटाखे फोड़ने के अलावा कुछ और तो नहीं थी।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts