Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिल्ली में पटाखे से घायल 10 साल के बच्चे की मौत, मां ने अस्पताल प्रशासन पर लगाए डराने-धमकाने के आरोप

दिल्ली के नरेला में दिवाली पर पटाखा जलाते समय 10 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं।
दिल्ली में पटाखे से घायल 10 साल के बच्चे की मौत, मां ने अस्पताल प्रशासन पर लगाए डराने-धमकाने के आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दौरान पटाखा जलाते समय हुए हादसे में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा 'अनार' और 'स्काई शॉट्स' जला रहा था, तभी पीछे से आया एक पटाखा उसके सीने में लगा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद बच्चे की मां अंजली ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटे को समय पर और ठीक से इलाज नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की।

पटाखा सीने में लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ बच्चा

बच्चे की मां अंजली ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में हादसे के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पटाखे जला रहा था और आसपास दूसरे लोग भी ऐसा ही कर रहे थे। इसी दौरान वह 'अनार' और 'स्काई शॉट्स' जला रहा था। तभी पीछे से आया एक पटाखा सीधे उसके सीने में लगा। मां के मुताबिक, पटाखा लगने से बच्चे की धमनियां (आर्टरीज) फट गईं। हादसे के बाद भी उनका बेटा सांस ले रहा था। उसकी हालत देखकर परिवार के लोग उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। मां ने बताया कि उस समय बच्चा तड़प रहा था और परिवार को उम्मीद थी कि इलाज मिलने पर उसकी जान बच जाएगी। बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने भावुक होते हुए अपने बेटे को वापस लौटाने की बात कही और मामले में न्याय की मांग की।

मां ने अस्पताल पर लगाए इलाज में लापरवाही के आरोप

अंजली ने अस्पताल में बेटे के इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में बच्चे को ठीक से इलाज नहीं मिला। उन्होंने डॉक्टरों पर भी सवाल खड़े किए। मां का कहना है कि जब उनका बेटा गंभीर हालत में था, तब अस्पताल में उसका सही तरीके से इलाज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज में मदद करने के बजाय परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की। मां ने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले में न्याय चाहिए। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान क्या हुआ और मां की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

X Post

पुलिस ने क्या बताया?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, नरेला इलाके में 10 साल का बच्चा पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आया एक पटाखा उसे लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पटाखा किस तरह बच्चे को लगा और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ। पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Breaking News

नरेला में रबर फैक्ट्री में भी लगी आग

दिवाली के दौरान दिल्ली में आग लगने की एक अन्य घटना भी सामने आई। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम एक रबर फैक्ट्री में आग लग गई। दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 8:33 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया। राहत की बात यह रही कि फैक्ट्री में लगी आग से किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts