PlayBreaking News

गुना में 17 लाख की सनसनीखेज लूट का 18 घंटे में खुलासा:चार आरोपी गिरफ्तार, आंखों में तीखा स्प्रे डालकर व्यापारी से की थी लूट

गुना जिले के निचला बाजार रपटा क्षेत्र में धनिया व्यापारी के मुनीम से हुई 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 18 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में दो मुख्य लुटेरों, उन्हें कार से भगाने वाले मददगार और मुनीम की मुखबिरी करने वाले सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 लाख 77 हजार 100 रुपये की नकदी और स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
Follow on Google News
चार आरोपी गिरफ्तार, आंखों में तीखा स्प्रे डालकर व्यापारी से की थी लूट
गुना में 17 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा

गुना। पुलिस ने छह विशेष टीमों के जरिए तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की मदद से इस वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने बरामद नोटों की गड्डियों से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गुना पुलिस का साइन भी बनाया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुनीम के साथ रहने वाले किरायेदार ने ही लुटेरों को पूरी जानकारी दी थी। आरोपियों ने फरारी के लिए 50 हजार रुपये देकर कार मंगवाई थी। मामले में अभी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

50 हजार रुपये देकर कार बुलवाई, फिर भागे आरोपी

गुना पुलिस ने घटना के बाद लगातार तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया पर फुटेज प्रसारित करने और मुखबिर के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना के महज 18 घंटे के भीतर पुलिस ने सौरभ पुत्र शिवनंदन यादव निवासी उनारसीकला जिला विदिशा और राघव पुत्र महेन्द्र शर्मा निवासी नारायण कॉलोनी आरोन जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से लूट की राशि में से 16 लाख 27 हजार 100 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि तीसरे साथी रूद्र गोस्वामी के साथ मिलकर योजना बनाई थी। वारदात के बाद रूद्र बाइक लेकर दूसरे रास्ते से निकल गया, जबकि दोनों बैग लेकर अलग भागे। इसके बाद उन्होंने राहुल जाटव को 50 हजार रुपये देने का लालच देकर उसकी स्विफ्ट कार से फरार होने की योजना बनाई।

 मुनीम के साथ रहने वाले युवक ने की थी मुखबिरी

पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ा खुलासा मुखबिरी को लेकर हुआ। आरोपियों ने बताया कि जिस मकान में पीड़ित मुनीम वासुदेव शर्मा रहता है, उसी मकान में रहने वाले विजय यादव ने पूरी जानकारी लुटेरों तक पहुंचाई थी। विजय को मुनीम के आने-जाने और लाखों रुपये के कैश कलेक्शन की पूरी जानकारी थी। उसने मुनीम की गतिविधियों और रुपये लाने-ले जाने की जानकारी आरोपियों के साथ शेयर की। गिरोह के एक अन्य सदस्य ने भी मुनीम के पुराने रूट और दिनचर्या की पूरी जानकारी दी थी। इसी जानकारी के आधार पर पूरी वारदात की योजना बनाई गई। पुलिस ने विजय उर्फ संजीव यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मददगार भी गिरफ्तार, कार और 50 हजार रुपये जब्त

मुख्य आरोपियों से मिले सुराग के बाद पुलिस ने भागने में मदद करने वाले राहुल पुत्र हरि सिंह जाटव निवासी भीकमपुर रूसल्ली कला थाना आरोन को भी गिरफ्तार कर लिया। राहुल ने अपनी स्विफ्ट कार से दोनों आरोपियों को वारदात के बाद सुरक्षित भगाया था। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार क्रमांक MP08-4553 जब्त कर ली। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि दो मुख्य आरोपियों से 16 लाख 27 हजार 100 रुपये और राहुल से 50 हजार रुपये मिलाकर कुल 16 लाख 77 हजार 100 रुपये बरामद किए गए हैं। यह लूटी गई राशि का लगभग पूरा हिस्सा है। मामले में तीसरा आरोपी रूद्र गोस्वामी और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

 17 लाख रुपये का कलेक्शन लेकर निकला था मुनीम

इस पूरी वारदात की शुरुआत 8 जुलाई 2026 की सुबह हुई थी। मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के ग्राम तेजासर निवासी वासुदेव शर्मा गुना के चौधरी मोहल्ला में रहते हैं और कुंभराज के धनिया व्यापारी की फर्म में मुनीम हैं। वह पचोर से 15 लाख रुपये का व्यापारिक कलेक्शन लेकर गुना पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने गुना शहर से दो लाख रुपये का अतिरिक्त कलेक्शन भी किया। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह कुल 17 लाख रुपये की नकदी लेकर पैदल कुंभराज जाने के लिए निकले थे। निचला बाजार रपटे के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी आंखों में स्प्रे किया और महज 40 सेकंड के भीतर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में छात्रा ने की आत्महत्या : चोरी के आरोप, पैसों की मांग और मानसिक दबाव के बाद उठाया कदम; IC मार्ट के CCTV जब्त, मॉल सील

छह टीमों ने 18 घंटे में सुलझाई पूरी वारदात

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 371/26 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने इस मामले में छह विशेष टीमों का गठन किया। 

Breaking News

फरार आरोपियों की तलाश जारी 

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कार्रवाई में एएसपी प्रशांत सुमन, सीएसपी आनंद राय, कोतवाली टीआई राजकुमार शर्मा, कैंट टीआई अनूप भार्गव, आरोन टीआई रविन्द्र सिकरवार, मधुसूदनगढ़ टीआई गोपाल चौबे सहित कई कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की टीमें अभी फरार आरोपी रूद्र गोस्वामी और उसके साथी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts