Gujarat, Himachal Election Results: गुजरात में BJP की जीत… भूपेंद्र 12 दिसंबर को लेंगे CM पद की शपथ, हिमाचल में कांग्रेस बहुमत से आगे

Gujarat, Himachal Election Results: गुजरात में BJP की जीत… भूपेंद्र 12 दिसंबर को लेंगे CM पद की शपथ, हिमाचल में कांग्रेस बहुमत से आगे
आज गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों का दिन है। गुजरात में भाजपा की विराट जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे शपथ लेंगे। भाजपा यहां 156 सीटें जीती है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती नजर आ रही है। बता दें कि, गुजरात में दो चरण में 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग हुई थी, जबकि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ था।

12 दिसंबर को शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल

गुजरात में भाजपा की विराट जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे शपथ लेंगे। भाजपा यहां 156 सीटें जीती है। यह पिछली बार से 58 सीटें अधिक है। कांग्रेस यहां 77 सीटों से सिमटकर 17 सीटों पर आ गई है। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में खाता खोल लिया है। यहां 5 सीटों पर आम प्रत्याशी जीते हैं, जबकि अन्य 4 सीटों पर विजयी हुए हैं।

हिमाचल में इस बार बदलेगी सरकार!

हिमाचल में 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस पार्टी ने अब तक 35 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 4 पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा 14 पर जीत दर्ज करवाने का साथ ही 12 पर आगे है। आम आदमी पार्टी अभी तक यहां अपना खाता नहीं खोल पाई है। इसके अलावा अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है और एक पर आगे चल रहे हैं।

खड़गे बोले- हार का क्रेडिट मैं नहीं लूंगा

गुजरात चुनाव में कांग्रेस पार्टी के खराब प्रदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष एम खड़गे बोले, हार का क्रेडिट मैं नहीं लूंगा... लोकतंत्र में जीत और हार होती रहती है। यह हमारी वैचारिक लड़ाई है। हम कमियों को दूर करेंगे और लड़ना जारी रखेंगे।

गुजरात में इस बार 5% कम वोटिंग

गुजरात में इस बार 5% कम वोटिंग हुई है। पिछली बार 69.2% वोटिंग हुई थी, जबकि इस बार कुल दोनों फेज को मिलाकर 64.3% वोटिंग हुई। बीते पांच में से तीन चुनाव में वोट प्रतिशत गिरने पर भाजपा को नुकसान और कांग्रेस को फायदा हुआ है।

गुजरात में 1995 से बीजेपी का राज

गुजरात में पिछली बार 25 अक्टूबर 2017 को चुनाव तारीखों का ऐलान हुआ था। पहले चरण के लिए 14 नवंबर को अधिसूचना जारी हुई थी और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को। पहले और दूसरे चरण के चुनाव के नतीजे 9 दिसंबर और 14 दिसंबर 2017 को आए थे। गुजरात विधानसभा चुनाव 2017 में सभी 182 सीटों के लिए पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग हुई थी। जिसमें बीजेपी ने 99 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया था। वहीं कांग्रेस को 80 सीटें मिली थी। बता दें कि, गुजरात में बीजेपी 1995 से लगातार सत्ता में हैं।

हिमाचल में हर 5 साल बाद बदलती है सरकार

68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा के लिए 12 नवंबर को चुनाव हुए थे। जिसमें करीब 76.44 प्रतिशत मतदान हुआ था। बता दें कि, राज्य में फिलहाल भाजपा की सरकार है। वहीं अब अगर अतीत की बात करें तो हिमाचल में हर पांच साल बाद सरकार बदलने का रिवाज चला आ रहा है। ये भी पढ़ें- Himachal Pradesh : चुनाव नतीजों से पहले हिमाचल कांग्रेस का बड़ा एक्शन, 30 नेताओं को पार्टी से निकाला; जानें वजह

हिमाचल में अभी भाजपा का राज

हिमाचल प्रदेश में भाजपा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं, यहां 2017 में एक चरण में 9 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इसमें भाजपा ने 44 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस को 21 सीटों पर सफलता मिली थी, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय और एक सीट पर सीपीआइ (मार्क्सवादी) ने जीत हासिल की थी। अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts