Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोहद में डीएपी संकट से बिजली बिल तक, कांग्रेस ने प्रशासन को घेरा

विधायक केशव देसाई के निर्देशन में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप गुर्जर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेसी कार्यकर्ता

गोहद। डीएपी खाद की कमी, ई-विकास पोर्टल की तकनीकी समस्या, खाद की कालाबाजारी, अतिक्रमण और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधायक केशव देसाई के निर्देशन में ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप गुर्जर के नेतृत्व में एक सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता विधायक बंगले पर एकत्रित हुए। यहां से प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम विकास कैमोर की अनुपस्थिति में स्टेनो सचिन यादव को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

खाद संकट पर कांग्रेस का हमला

कांग्रेस ने गोहद विधानसभा क्षेत्र में किसानों की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि ई-विकास पोर्टल का सर्वर डाउन रहने से किसान टोकन बुक नहीं कर पा रहे हैं जिससे खाद लेने में परेशानी हो रही है। इसके समाधान के लिए मालवा अंचल की तर्ज पर गोहद में भी ऑफलाइन खाद वितरण शुरू करने की मांग की गई। निजी खाद दुकानदारों द्वारा कथित अवैध भंडारण और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई तथा सहकारी संस्थाओं में सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

सर्वे नंबर 821 और क्रेशरों का अतिक्रमण

ज्ञापन में ग्राम मौजा छीमका के सर्वे नंबर 821 पर रह रहे लोगों को बेदखल नहीं करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार उक्त भूमि पूर्व में कलेक्टर द्वारा आबादी घोषित की जा चुकी है। डिरमन पाली में स्टोन क्रेशरों द्वारा शासकीय रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा बंकेपुरा में बालाजी स्टोन क्रेशर द्वारा किसानों की निजी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।

बिजली केबल, बिल और स्मार्ट मीटर का मुद्दा

कांग्रेस ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जली पुरानी विद्युत केबल बदलने, गोहद नगरीय क्षेत्र में डीपी का समय पर रखरखाव कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की। औसत रीडिंग से बढ़े बिजली बिलों में सुधार, अनावश्यक पेनल्टी हटाने तथा लोड चेकिंग के नाम पर कथित अवैध वसूली रोकने की मांग की गई। संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई और उपभोक्ताओं की लिखित सहमति के बाद ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने की मांग भी रखी गई।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

कांग्रेस नेताओं ने तल्ख लहजे में कहा कि प्रशासन ने मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़े आंदोलन के लिए विवश होगी। इसकी जवाबदारी प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में लिफ्ट के बहाने अपहरण और फोनपे से वसूली का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार

ज्ञापन सौंपते समय मुख्य रूप से यह रहे मौजूद 

ज्ञापन सौंपते समय नगर कांग्रेस अध्यक्ष मन्नालाल भटेले, ब्लॉक अध्यक्ष मालनपुर राकेश तोमर, ब्लॉक अध्यक्ष मौ रामेश्वर यादव, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र बराड़, विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर, पार्षद जरीना साबू खान, पार्षद बृजेंद्र यादव, एडवोकेट गोपाल पचौरी, इंद्र सिंह खन्ना, कैलाश गुर्जर, डॉ. अमर सिंह, विवेक बंसल, जगदीश बिथरिया, निरपत खटाना, रामजी गुर्जर, सुजान गुर्जर, धर्मेंद्र भदौरिया, पिंकी उचाड़िया, गोलू डंगश, भूरा पंडित, आशीष शर्मा और गौरव कोहली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ। 11 अगस्त 2014 से पीपुल्स समाचार, ग्वालि...Read More

Latest Posts