विश्व आदिवासी दिवस पर घंसौर में निकला भव्य जुलूस, दिनभर रही डीजे-ढोल नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज

घंसौर। घंसौर मुख्यालय में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत पर थिरके युवा
जुलूस रानी दुर्गावती चौराहा, बिरसा मुंडा चौराहा, छितापार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। इस दौरान डीजे, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत की धुनों पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। पूरे नगर में आदिवासी संस्कृति और उत्सव का रंग देखने को मिला।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखी आदिवासी विरासत
जुलूस के दौरान आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिला-पुरुष और युवाओं ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
ये भी पढ़ें: विश्व आदिवासी दिवस पर रैलियों से गूंजा भोपाल शहर, डीजे की धुन पर झूमे युवा, इन रास्तों से निकली रैलियां
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन रानी दुर्गावती भवन में किया गया, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कलाकारों ने आदिवासी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।

नई पीढ़ी को आदिवासी विरासत का संदेश
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने अपनी एकता, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने तथा आने वाली पीढ़ी तक आदिवासी विरासत को पहुंचाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान घंसौर मुख्यालय में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: विश्व आदिवसी दिवस-‘जब तक तय लक्ष्य पूरे न हों, तब तक उस दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लें’












