Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

धार के गंधवानी हाट बाजार में लगी भीषण आग, पटाखा दुकान से फैली लपटों से 20 से ज्यादा दुकानें खाक, 3 गंभीर घायल

धार के गंधवानी हाट बाजार में लगी भीषण आग, पटाखा दुकान से फैली लपटों से 20 से ज्यादा दुकानें खाक, 3 गंभीर घायल
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मनावर। धार जिले के गंधवानी तहसील के बिल्दा गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साप्ताहिक हाट बाजार में पटाखों की दुकान से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। करीब 2 बजे शुरू हुई यह आग कुछ ही मिनटों में 20 से अधिक दुकानों तक फैल गई। आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। 

    आग की लपटों से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि तीन अन्य को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

    बच्चे की गलती से लगी आग

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक दुकान पर बच्चा पटाखे देख रहा था, तभी एक पटाखे की चिंगारी पास रखे दूसरे पटाखों पर जा गिरी। कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाका हुआ और आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास खड़ी एक बाइक भी जलकर राख हो गई। स्थानीय व्यापारी शब्बीर बोहरा ने बताया कि हादसे में करीब 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। आग की लपटों ने दुकानों के साथ-साथ पास के पांच मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

    आग के कारणों की जांच जारी

    बाजार में मौजूद हजारों लोगों में हड़कंप मच गया। लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया। तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा- सभी व्यापारी मनावर और गंधवानी के रहने वाले हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं। हम बची हुई सामग्री को सुरक्षित रखवा रहे हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

    तीन की हालत नाजुक

    घटना में झुलसे मालसिंग (45), संतुबाई (42) और कालू (55) की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन तीनों को जिला अस्पताल धार रेफर किया गया है। अन्य तीन घायलों डेबर सिंह (55), मेह सिंह (35) और सारीबाई (50) का इलाज गंधवानी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। डॉ. भव्या वास्केल ने बताया कि फिलहाल घायलों की स्थिति सामान्य है और सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है।

    2 हजार लोगों में भगदड़

    घटना के वक्त बाजार में करीब दो हजार लोग मौजूद थे। दीपावली के पहले हाट में लोग खरीदारी कर रहे थे कि अचानक धमाकों के बीच आग फैल गई। बताया जा रहा है कि बच्चों ने पटाखा जलाया था, उसी से आग लग गई। 

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts