Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Ratlam News : रतलाम की इंडियन बैंक में लगी आग, जरूरी दस्तावेज, कंप्यूटर हुए खाक

रतलाम में इंडियन बैंक की पैलेस रोड स्थित शाखा आग लग गई। इस वजह से कई जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर, एसी और कंप्यूटर आदि जल गए।
रतलाम की इंडियन बैंक में लगी आग, जरूरी दस्तावेज, कंप्यूटर हुए खाक
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    रतलाम। शहर के पैलेस रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह का समय होने के कारण बैंक की शाखा खुली नहीं थी, लेकिन अंदर से उठते धुएं और बजते सायरन ने आसपास के लोगों को चौंका दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और बैंक अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई। आग की वजह से बैंक के अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान और कुछ जरूरी दस्तावेज क्षतिग्रस्त हो गए। 

    स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली बड़ी घटना

    जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7:15 बजे आसपास मौजूद लोगों ने बैंक भवन के भीतर से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में सायरन भी बजने लगा, जिससे लोगों को अंदेशा हुआ कि अंदर कुछ गड़बड़ है। तत्काल इसकी सूचना बैंक प्रबंधन को दी गई। थोड़ी ही देर में बैंक के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जब बैंक का शटर खोला गया तो सामने बने एक कैबिन से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई।

    मैनेजर के कैबिन का एसी जला 

    करीब 7:50 बजे फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई। दमकलकर्मियों ने पाइप के जरिए बैंक के अंदर पहुंचकर लपटों को नियंत्रित किया। आग की वजह से बैंक मैनेजर के कैबिन में लगा एसी पूरी तरह जल गया। बैंक में रखे लगभग सात से आठ कंप्यूटर आग और पानी के कारण खराब हो गए। 

    Featured News

    आग बुझने के बाद बैंक परिसर में भरा पानी 

    Uploaded media

    आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पाइप के जरिए बड़ी मात्रा में पानी डालने के कारण बैंक परिसर में चारों तरफ पानी भर गया। आग बुझने के बाद बैंक कर्मचारी भी अंदर जाकर उन स्थानों पर पानी डालते रहे, जहां धुआं या गर्मी महसूस हो रही थी। इस बीच बैंक के कई ग्राहक भी मौके पर पहुंच गए और लॉकर तथा अपने खातों की सुरक्षा को लेकर जानकारी लेने लगे।

    शॉर्ट सर्किट की आशंका, लॉकर सुरक्षित 

    बैंक मैनेजर राजीव बोथरा के मुताबिक सुबह आसपास के लोगों से धुआं निकलने और सायरन बजने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। बैंक में करीब 80 हजार खाते संचालित होते हैं। फिलहाल लॉकर सुरक्षित हैं और किसी ग्राहक की जमा पूंजी को नुकसान नहीं पहुंचा है, हालांकि कुल नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

    सागर की भी एक बैंक शाखा में लगी आग 

    इधर सागर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बहरोल शाखा में भी अचानक आग लगने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जिससे बैंक के अंदर रखा फर्नीचर जलकर खाक हो गया। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts