Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कभी सीमा-कभी स्वीटी...कौन है ब्राजीलियन मॉडल? जिसने हरियाणा में 22 बार डाला वोट, राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लगाया बड़ा आरोप

राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटों में हेराफेरी को लेकर चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया। वोटिंग लिस्‍ट में 25 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर्स होने का दावा किया। उन्‍होंने पूछा कि हरियाणा में ब्राजील की मॉडल ने 22 बार वोट दिया। आखिर इस मॉडल का नाम हरियाणा में वोटिंग लिस्‍ट के लिए कैसे आया?
Follow on Google News
कौन है ब्राजीलियन मॉडल? जिसने हरियाणा में 22 बार डाला वोट, राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लगाया बड़ा आरोप
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा विधानसभा चुनाव में धांधली का बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में वोटों में हेराफेरी की गई और करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। राहुल गांधी ने इस खुलासे को 'H-Files' नाम दिया है और आरोप लगाया कि यह एक 'संगठित साजिश' के तहत किया गया ऑपरेशन था।

    राहुल गांधी का आरोप - ब्राजील की मॉडल ने 22 बार वोट डाला

    राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक प्रेजेंटेशन दिखाते हुए कहा कि हरियाणा चुनाव में मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी की गई है। उन्होंने बताया कि एक ब्राजील की मॉडल की फोटो का उपयोग कर 10 अलग-अलग बूथों पर 22 बार वोट डाला गया। उन्होंने सवाल उठाया- 'आखिर यह महिला कौन है? उसका नाम हरियाणा की वोटर लिस्ट में कैसे आया?' उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में इसके कई नाम हैं जैसे सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि, विल्मा... लेकिन पता चला कि यह असल में एक ब्राजीलियाई मॉडल है।

    Twitter Post

    कांग्रेस नेता ने कहा कि इस फोटो को सोशल मीडिया पर फोटोग्राफर मैथियस फेरोरो ने साझा किया था, जिसे वोटर लिस्ट में गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। उन्होंने तस्वीर के साथ छपे मैथ्यूस फेर्रेरो नाम की ओर इशारा किया। एक रिपोर्ट के अनुसार, जब उन्होंने स्वतंत्र रूप से ऑनलाइन खोजा तो पता चला कि मैथियस फेरोरो एक फोटोग्राफर हैं और राहुल गांधी द्वारा दिखाई गई वही तस्वीर फोटोग्राफर के अनस्पलैस पोर्टफोलियो में मौजूद है। लेकिन उस तस्वीर पर मॉडल का नाम नहीं बताया गया है।

    25 लाख फर्जी वोट

    राहुल गांधी ने दावा किया कि हरियाणा में करीब 2 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 25 लाख फर्जी या अवैध वोटर हैं। उनके मुताबिक, 5.21 लाख नकली मतदाता, 93,174 अवैध मतदाता और 19.26 लाख थोक वोटर सूची में जोड़े गए। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि हर आठवां मतदाता फर्जी है और यही वजह है कि कांग्रेस को मामूली 22,000 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

    कांग्रेस ने जारी की 'H-Files'

    कांग्रेस ने इस पूरे खुलासे को 'H-Files' नाम दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि मतदाता सूची में 'एक ही महिला की फोटो का उपयोग 223 अलग-अलग वोटों के लिए किया गया।' उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने भाजपा के इशारे पर यह धांधली की, जिससे लोकतंत्र की चोरी हुई।

    Twitter Post

    चुनाव आयोग ने कहा- आरोप निराधार

    राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राहुल गांधी के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। आयोग ने पूछा कि यदि कांग्रेस को मतदाता सूची पर आपत्ति थी, तो उन्होंने पहले कोई औपचारिक शिकायत या अपील क्यों नहीं की। आयोग ने यह भी कहा कि हर बूथ पर बीएलए (Booth Level Agent) राजनीतिक दलों की ओर से तैनात होते हैं, जिन्हें किसी भी अनियमितता की सूचना देने की जिम्मेदारी होती है।

    बीजेपी का पलटवार- राहुल गांधी मेहनत से भागते हैं

    राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी “मेहनत से भागते हैं, जनता के बीच नहीं जाते और अब अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं।” भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव में हार की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए, न कि “झूठे आरोपों के जरिए भ्रम फैलाना चाहिए।”

    राहुल की तीसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस

    वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी की यह तीसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। इससे पहले भी उन्होंने चुनाव आयोग पर वोटिंग लिस्ट से मतदाताओं के नाम हटाने और जोड़ने का आरोप लगाया था। इस बार उन्होंने दावा किया कि उनके पास 'पक्के सबूत' हैं, जो दिखाते हैं कि कांग्रेस को हरियाणा में सुनियोजित तरीके से हराया गया।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts