सीहोर : ओवरलोड पिकअप पलटने से मातम, महिला मजदूर की मौत; बच्चों समेत 30 से ज्यादा घायल
सीहोर के रेहटी क्षेत्र में धान रोपाई के लिए जा रहे 50 से अधिक मजदूरों से भरी ओवरलोड पिकअप पलटने से एक महिला की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
ओवरलोड पिकअप बनी मौत की वजह
सीहोर। जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लापरवाही और ओवरलोडिंग ने एक महिला मजदूर की जान ले ली। भैसान गांव के पास धान रोपाई के लिए जा रही मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें 6 की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में महिलाएं, बच्चे और नाबालिग भी शामिल हैं। इस हादसे ने क्षेत्र में मालवाहक वाहनों में खुलेआम हो रही अवैध सवारी और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओवरलोड पिकअप बनी मौत की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन में 50 से अधिक मजदूरों को बैठाकर खेतों की ओर ले जाया जा रहा था। वाहन क्षमता से अधिक भरा होने के कारण चालक संतुलन नहीं बना सका और भैसान गांव के पास पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मजदूर वाहन के नीचे और आसपास दूर-दूर तक जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
महिला की मौत, कई की हालत गंभीर
दुर्घटना में अनीता पति पतिराम निवासी भिलाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई महिलाओं और बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को भेरुंदा अस्पताल और अन्य उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।
धान रोपाई के नाम पर जान से खिलवाड़
इन दिनों क्षेत्र में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। चकल्दी, लाड़कुई और आसपास के आदिवासी इलाकों से मजदूरों को रोजाना मालवाहक पिकअप वाहनों में भरकर खेतों तक पहुंचाया जाता है। नियमों के विपरीत इन वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक लोगों को बैठाया जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सिलसिला लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रहती है।
ये भी पढ़ें: भोजशाला पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : मुस्लिम पक्ष को नमाज की अनुमति नहीं, सिर्फ मिलेगी खुली जगह
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की मांग तेज
बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम भैसान के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने, दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग उठाई है।














