Taal 2 :सुभाष घई बनाएंगे 'ताल 2', स्क्रिप्ट लगभग तैयार, नए चेहरों के साथ आएगी फिल्म

फिल्ममेकर सुभाष घई ने अपनी कल्ट फिल्म ताल के सीक्वल को लेकर बड़ा संकेत दिया है। सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने ‘ताल 2’ की संभावना जताई थी, जिसे अब उन्होंने कन्फर्म कर दिया है। एक इंटरव्यू में घई ने साफ कहा कि फिल्म की स्क्रिप्ट लगभग पूरी हो चुकी है और अब वह इसे बनाने के सही समय पर विचार कर रहे हैं।
Gen-Z में भी ‘ताल’ की जबरदस्त डिमांड
घई ने बताया कि पिछले 15 सालों से उनसे ‘ताल’ के सीक्वल को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि आज की Gen-Z ऑडियंस भी इस फिल्म की ऊर्जा को महसूस करती है और सीक्वल की मांग कर रही है। उनके मुताबिक, फिल्म का विषय जितना आसान दिखता है, उसे उतनी ही शुद्धता और संवेदनशीलता के साथ परदे पर उतारना बेहद चुनौतीपूर्ण है।

पुरानी कास्ट की मासूमियत बनी थी ताकत
1999 में रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय बच्चन उस वक्त इंडस्ट्री में अपेक्षाकृत नए थे, जबकि अनिल कपूर एक स्थापित स्टार के रूप में नजर आए थे। घई के अनुसार, इसी कॉम्बिनेशन ने फिल्म में एक खास ‘प्योरिटी’ पैदा की, जो दर्शकों को गहराई से जोड़ पाई।
ये भी पढ़ें: 'नागिन 7' का आखिरी एपिसोड करीब… लेकिन एकता कपूर ने दिया सरप्राइज ट्विस्ट
कास्टिंग को बताया सफलता की असली कुंजी
सुभाष घई ने साफ कहा कि अच्छी स्क्रिप्ट के बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी कास्टिंग की होती है। उनका मानना है कि उनकी जो फिल्में नहीं चलीं, उनकी सबसे बड़ी वजह गलत कास्टिंग रही। ‘ताल 2’ के लिए भी वह इस पहलू को सबसे ज्यादा अहम मान रहे हैं और किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहते।
नई स्टारकास्ट पर रहेगा फोकस
हाल ही में आई फिल्म ‘सैयारा’ का जिक्र करते हुए घई ने कहा कि नए चेहरों की मासूमियत और ऊर्जा ने उन्हें प्रभावित किया। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अहान पांडे और अनीत पड्डा अब स्टार बन चुके हैं, लेकिन ‘ताल 2’ में किरदार नए और फ्रेश दिखने चाहिए, इसलिए वह पूरी तरह नई कास्ट पर दांव लगा सकते हैं।
बिना विलेन और हिंसा की कहानी का नया दौर
घई ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ‘ताल’ की खासियत को याद करते हुए कहा कि यह एक ऐसी फिल्म थी जिसमें न विलेन था, न हिंसा और न ही ग्लैमर का ओवरडोज, फिर भी यह दर्शकों के दिलों में बस गई। अब सवाल यही है कि क्या आज के दौर में उसी आत्मा और सादगी के साथ ‘ताल 2’ बनाई जा सकती है जिसका जवाब खुद दर्शक ही तय करेंगे।











