Ikka OTT Release Date :29 साल बाद फिर साथ आए सनी देओल-अक्षय खन्ना, जानें नेटफ्लिक्स पर कब आएगी 'इक्का'

बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। दोनों की आगामी फिल्म 'इक्का' की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। खास बात यह है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी।
कब और कहां रिलीज होगी 'इक्का'?
सनी देओल और अक्षय खन्ना की चर्चित फिल्म 'इक्का' 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी है। यह एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें कानून, न्याय और भावनात्मक संघर्ष की कहानी देखने को मिलेगी।
फिल्म में क्या है कहानी?
फिल्म में सनी देओल एक ईमानदार और सिद्धांतवादी वकील की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है जब उन्हें अपने अतीत से जुड़े एक व्यक्ति का केस लड़ना पड़ता है। अक्षय खन्ना इस फिल्म में हत्या के आरोपी के किरदार में नजर आएंगे। केस की सुनवाई के दौरान सनी देओल का किरदार कई नैतिक और पेशेवर चुनौतियों का सामना करता है। यह मुकदमा उनके विश्वास, जिम्मेदारियों और सच्चाई की परीक्षा लेता है।
सनी देओल का होगा ओटीटी डेब्यू
'इक्का' सनी देओल के करियर की खास फिल्मों में से एक मानी जा रही है, क्योंकि इसके जरिए वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पहली बार कदम रख रहे हैं। नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल के अनुसार, फिल्म में एक बेहतरीन कोर्टरूम ड्रामा के सभी तत्व मौजूद हैं। इसमें बड़े दांव, नैतिक संघर्ष और भावनात्मक टकराव को प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।
ये भी पढ़ें: करिश्मा कपूर हुईं भावुक! एक्स-हसबैंड संजय कपूर को याद कर दी श्रद्धांजलि, इंस्टाग्राम स्टोरी में छलका दर्द
तीन दशक बाद वकील के किरदार में वापसी
फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा हैं। इस फिल्म के जरिए सनी देओल करीब तीन दशक बाद एक बार फिर वकील की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म न्याय, सच्चाई और जवाबदेही जैसे विषयों पर आधारित है।
'बॉर्डर' के बाद फिर साथ आए सनी-अक्षय
सनी देओल और अक्षय खन्ना इससे पहले साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'बॉर्डर' में साथ दिखाई दिए थे। अब करीब 29 साल बाद दोनों कलाकार एक बार फिर एक साथ नजर आएंगे। फिल्म में दीया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगी। 'इक्का' को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है।











