मौत बनकर गिरी लिफ्ट!नौलखा कॉम्प्लेक्स में तीसरी मंजिल से हादसा, 3 घायल, रहवासियों में दहशत

इंदौर के नौलखा कॉम्प्लेक्स डी-ब्लॉक में तीसरी मंजिल से लिफ्ट गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे में 67 वर्षीय उमा शर्मा समेत तीन लोग घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लिफ्ट में तेज झटका लगने के बाद वह सीधे नीचे आ गिरी। रहवासियों ने 1985 से लगी पुरानी लिफ्ट के खराब मेंटेनेंस और लापरवाही को हादसे की वजह बताया। चौंकाने वाली बात यह है कि नवंबर 2025 में भी यही लिफ्ट गिर चुकी थी।
नौलखा कॉम्प्लेक्स में तीसरी मंजिल से हादसा, 3 घायल, रहवासियों में दहशत

इंदौर के नौलखा कॉम्प्लेक्स में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पांच मंजिला डी-ब्लॉक की लिफ्ट अचानक तीसरी मंजिल से भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के वक्त लिफ्ट में सवार लोगों की चीख-पुकार से पूरी बिल्डिंग दहल उठी। इस दर्दनाक हादसे में 67 वर्षीय उमा शर्मा समेत तीन लोग घायल हो गए। वृद्धा के पैरों में गंभीर सूजन आ गई, जबकि अन्य दो लोगों को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

अचानक तेज झटका फिर गिरी लिफ्ट  

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लिफ्ट जैसे ही तीसरी मंजिल पर पहुंची, अचानक तेज झटका लगा और देखते ही देखते लिफ्ट नीचे आ गिरी। हादसे के बाद रहवासियों ने लिफ्ट मेंटेनेंस को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि यह हादसा तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि लंबे समय से बरती जा रही घोर लापरवाही का नतीजा है। लोगों का आरोप है कि सालों पुरानी लिफ्ट की न तो समय पर सर्विसिंग हुई और न ही सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

 लिफ्ट सन 1985 से संचालित हो रही थी 

रहवासियों के मुताबिक, यह लिफ्ट 1985 से संचालित है और 44 परिवारों के लिए यही एकमात्र सहारा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नवंबर 2025 में भी यही लिफ्ट गिर चुकी है, जिसमें एक युवक घायल हुआ था। बावजूद इसके न तो लिफ्ट बदली गई और न ही कोई ठोस मरम्मत की गई। लगातार चेतावनियों के बाद भी जिम्मेदारों की अनदेखी अब लोगों की जान पर भारी पड़ती दिख रही है।

घटना के बाद रहवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोप लगाया कि जब एक साल पहले हादसा हो चुका था, तब जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया।  

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts