पूर्व सांसद नकुलनाथ पहुंचे पुलिस कंट्रोल रूम, समर्थक को विधायक कमलेश शाह के लोगों द्वारा पीटने का आरोप

छिंदवाड़ा। हर्रई निवासी बलराम श्रीवास ने कुछ लोगों पर जबरन मोटरसाइकिल से उठाकर महल के अंदर ले जाने, मोबाइल छीनने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में पूर्व सांसद नकुलनाथ ने एएसपी आशीष खरे से मुलाकात कर शिकायत सौंपी। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
रात 10 बजे नकुलनाथ के घर से लौट रहा था बलराम
शिकायत के मुताबिक, 18 अक्टूबर को बलराम श्रीवास हर्रई के प्रेम साहू, विजय नामदेव, संजू यादव और मनीष साहू के साथ छिंदवाड़ा में नकुलनाथ की बैठक में शामिल होने आए थे। बैठक के बाद सभी हर्रई लौट गए। रात करीब 10 बजे बलराम अपने घर जा रहे थे। तभी महल के सामने चौराहे पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें कथित तौर पर पकड़ लिया। नाथ का दावा है कि आरोपी अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह का एक कर्मचारी भी है।
ये भी पढ़ें: प्लेन में बैठे थे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी और नकुलनाथ, रनवे पर अचानक इंजन हुआ फेल
महल में ले जाकर मोबाइल छीना, मारपीट कर दी धमकी
बलराम ने आरोप लगाया कि अंशु सोनी समेत पांच लोग उन्हें जबरन महल के अंदर ले गए। वहां उनका मोबाइल छीनकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। बलराम के मुताबिक, उनके भतीजे और भतीजी संयोग से वहां गरबा देखने आए थे। उनकी मौजूदगी में उन्हें बाहर निकलने का मौका मिल गया। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो 72 घंटे बाद आंदोलन की चेतावनी
पूर्व सांसद नकुलनाथ ने एएसपी आशीष खरे से मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस महानिदेशक डीजीपी और मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। साथ ही चेतावनी दी कि 72 घंटे बाद आंदोलन किया जाएगा इस की जिम्मेदारी प्रशासनक होगी।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा : हनुमान जन्मोत्सव पर कमलनाथ ने की पूजा-अर्चना, नकुलनाथ ने हेलिकॉप्टर से प्रतिमा पर बरसाए फूल; देखें VIDEO




















