दलीप ट्रॉफी 2026-27 :ईशान किशन बने ईस्ट जोन के कप्तान, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी

स्पोर्ट्स डेस्क। दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट जोन टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तान बनाया गया है। कम उम्र में यह जिम्मेदारी मिलना वैभव के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। टीम में मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
वैभव सूर्यवंशी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट जोन का उप-कप्तान बनाया गया है। हाल के महीनों में उन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें टीम की उप-कप्तानी के रूप में मिला है।
हालांकि फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका अनुभव अभी सीमित है। वैभव अब तक 8 फर्स्ट-क्लास मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 17.25 की औसत से 207 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन रहा है। उन्होंने पिछला फर्स्ट-क्लास मुकाबला बिहार की ओर से रणजी प्लेट लीग में मेघालय के खिलाफ खेला था।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी टी-20 के टॉप- 50 बल्लेबाजों में शामिल : 230 स्थान की लगाई छलांग, गिल वन-डे के नंबर एक बल्लेबाज
ईशान के हाथों में कप्तानी की जिम्मेदारी
भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को ईस्ट जोन का कप्तान बनाया गया है। वह टीम के पहले विकेटकीपर भी होंगे। उनके अलावा कुमार कुशाग्र को दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में जगह मिली है।
शमी और मुकेश संभालेंगे तेज गेंदबाजी
ईस्ट जोन के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के कंधों पर होगी। उनके साथ भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और सूरज सिंधु जायसवाल टीम के पेस अटैक को मजबूत करेंगे। क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर खासतौर पर मोहम्मद शमी के प्रदर्शन पर रहेगी, क्योंकि उन्हें 2027 वनडे विश्व कप की संभावित भारतीय टीम का दावेदार माना जा रहा है।
ईश्वरन और वैभव कर सकते हैं ओपनिंग
बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। ईश्वरन 113 फर्स्ट-क्लास मैच खेल चुके हैं और ईस्ट जोन के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल हैं। वहीं झारखंड के शिखर मोहन को रिजर्व ओपनर के तौर पर टीम में जगह मिली है। उन्होंने पिछले रणजी सीजन में 613 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच ने दिया इस्तीफा! गंभीर ने चुनाव किया था, अब IPL में इस टीम से जुड़ेंगे
झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा
ईस्ट जोन की टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों को मौका मिला है। ईशान किशन के अलावा विराट सिंह, कुमार कुशाग्र और स्पिन ऑलराउंडर अनुकूल रॉय भी टीम का हिस्सा हैं। अनुकूल रॉय हाल ही में श्रीलंका में ट्राई-सीरीज जीतने वाली इंडिया-ए टीम के सदस्य रहे थे।
रियान पराग और आकाश दीप बाहर
टीम में रियान पराग और तेज गेंदबाज आकाश दीप को जगह नहीं मिली है। दोनों खिलाड़ी फिलहाल सर्जरी के बाद रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। आकाश दीप पीठ की सर्जरी से उबर रहे हैं, जबकि रियान पराग आईपीएल 2026 के बाद कंधे की सर्जरी के कारण अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलन से सजी ईस्ट जोन टीम इस बार दलीप ट्रॉफी में मजबूत दावेदार मानी जा रही है। ईशान किशन की कप्तानी और वैभव सूर्यवंशी की नई जिम्मेदारी पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहेगी।










